Agra Metro: मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आगरा मेट्रो के लिए प्रोटोटाइप का किया अनावरण, असली लुक आया सामने

आगरा में ताज पूर्वी गेट से लेकर जामा मस्जिद तक होगा मेट्रो का प्राथमिकता वाला कॉरिडोर। दिसंबर 2023 में है छह किलोमीटर लंबे ट्रैक पर मेट्रो संचालन शुरू किया जाना है प्राथमिकता। दो मिनट में मेट्रो तय करेगी एक किलोमीटर की दूरी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 12:10 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 12:10 PM (IST)
Agra Metro: मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आगरा मेट्रो के लिए प्रोटोटाइप का किया अनावरण, असली लुक आया सामने
आगरा मेट्रो की प्रोटोटाइप का अनावरण करते मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट को पंख लगने जा रहे हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेट्रो की प्रोटोटाइप ट्रेन का अनावरण किया। मेट्रो का प्राथमिकता वाला कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से लेकर जामा मस्जिद तक है छह किमी लंबा है। इस पर दिसंबर 2023 में मेट्रो का संचालन शुरू होगा। फिलहाल ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। इसमें तीन एलिवेटेड और तीन अंडर ग्राउंड स्टेशन होंगे।

ये होगी आगरा में दौड़ने वाली मेट्रो ट्रेन। 

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लि. (यूपीएमआरसी) द्वारा कानपुर एवं आगरा में मेट्रो परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। घनी आबादी वाले एवं औद्योगिक दृष्टि से प्रदेश के इन दो प्रमुख शहरों में मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। आज इन दोनों ही परियोजनाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिन रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से पहली ‘प्रोटोटाइप मेट्रो ट्रेन’ का अनावरण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘आत्मनिर्भर भारत’ की परिकल्पना को साकार करने एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में बढ़ते हुए, कानपुर एवं आगरा मेट्रो परियोजनाओं की मेट्रो ट्रेनें पूरी तरह से ‘मेक इन इंडिया’ हैं। इन्हें गुज़रात में वड़ोदरा के निकट सावली में स्थित प्लान्ट में तैयार किया जा रहा है। मेट्रो में तीन कोच होंगे, जबकि यहां कुल कोचों की संख्‍या 28 होगी।

फतेहाबाद रोड पर बन रहे हैं मेट्रो के तीन स्टेशन

फतेहाबाद रोड पर मेट्रो के तीन स्टेशनों का निर्माण 272 करोड़ से किया जा रहा है। पहला स्टेशन टीडीआई मॉल के ठीक सामने ताज पूर्वी गेट स्टेशन है, जबकि दूसरा स्टेशन होटल क्रिस्टल सरोवर के सामने वसई स्टेशन है। तीसरा स्टेशन होटल अमर विलास के सामने फतेहाबाद रोड स्टेशन है।

तीन अंडरग्राउंड होंगे स्टेशन

मेट्रो के तीन अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। इसमें पहला स्टेशन ताजमहल, दूसरा आगरा किला और तीसरा जामा मस्जिद होगा। अक्टूबर के पहले सप्ताह में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन का टेंडर खुलेगा।

पीएसी ग्राउंड में तेजी से बन रहा मेट्रो का डिपो

फतेहाबाद रोड स्थित पीएसी ग्राउंड में मेट्रो का पहला डिपो बन रहा है। इसके लिए 2400 मीटर लंबी दीवार बनाई जा रही है। 1700 मीटर की दीवार बन चुकी है। जबकि वेस्ट वाटर का अलग से प्लांट लगाया जा रहा है।

आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट एक नजर में

- शहर में मेट्रो ट्रैक की लंबाई की 30 किलोमीटर होगी।

- सिकंदरा से लेकर आज पूर्वी गेट तक पहला ट्रेक 14 किलोमीटर और आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से लेकर कालिंदी विहार तक दूसरा ट्रेक 16 किलोमीटर लंबा होगा।

- मेट्रो ट्रैक में कुल 27 स्टेशन होंगे।

- अंडरग्राउंड मेट्रो ट्रैक 7.5 किलोमीटर और एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक साढे 22 किलोमीटर लंबा होगा।

- मेट्रो प्रोजेक्ट कुल लागत 8369 करोड़ रुपए है।

chat bot
आपका साथी