आगरा में अराजक तत्वों ने मजार को क्षतिग्रस्त किया, मंदिर में सेवादार की बेटी से छेड़छाड़

यमुना किनारे स्थित मंदिर में विधवा अपनी दो बेटी के साथ रहती है। मां-बेटी मंदिर में सेवादार का काम करती हैं। रविवार की रात को कुछ युवक मंदिर में आए चढ़ावे के पैसे चोरी करके ले जा रहे थे। युवती के टोकने पर युवकों ने उसके छेड़छाड़ कर दी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 08:18 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 08:18 AM (IST)
आगरा में अराजक तत्वों ने मजार को क्षतिग्रस्त किया, मंदिर में सेवादार की बेटी से छेड़छाड़
आगरा में मजार क्षतिग्रस्‍त की गई तो वहीं मंदिर में युवती से छेड़छाड़ हुई।

आगरा, जागरण संवाददाता। न्यू आगरा के नगला पदी स्थित टैगोर नगर में एक मजार को सोमवार की रात को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। क्षेत्रीय पार्षद अमित दिवाकर के अनुसार युवक कई दिन से वहां पर आ रहे थे। दो दिन पहले एक महिला से अभद्रता कर दी। महिला ने विरोध किया तो अराजक तत्व धमकी देकर चले गए। सोमवार की रात को उन्हाेंने मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया। बस्ती के लोगों को आता देखकर वहां से भाग गए। जानकारी देने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।

मंदिर में सेवादार की पुत्री से छेड़छाड़, मारपीट

छत्ता इलाके में यमुना किनारे स्थित एक मंदिर की सेवादार की बेटी से युवकों ने छेड़छाड़़ और मारपीट कर दी। उसे बचाने आए परिवार के लोगों पर भी हमला बोल दिया।

मामले के अनुसार छत्ता थाना क्षेत्र में यमुना किनारे स्थित मंदिर में विधवा अपनी दो बेटी और एक दामाद के साथ रहती है। मां-बेटी मंदिर में सेवादार का काम करती हैं। पति की पांच साल पहले मौत हो चुकी है। जबकि दो बेटों की दो महीने पहले कोरोना के चलते मौत हो गई। रविवार की रात को कुछ युवक मंदिर में आए चढ़ावे के पैसे चोरी करके ले जा रहे थे। विधवा की बेटी ने उन्हें देख लिया। टोकने पर युवकों ने उसे दबोच लिया, छेड़छाड़ और मारपीट करने लगे। शोर मचाने पर विधवा और उसका दामाद वहां आ गया। उसने किसी आरोपितों से सास और साली को बचाया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। वह लगातार धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।

दुष्कर्म और ब्लैकमेल के आरोपित को नहीं मिली जमानत

युवती से एप के माध्यम से मुलाकात के बाद उससे दोस्ती और दुष्कर्म के आरोपित को अदालत से जमानत नहीं मिली। अपर जिला जज लोकेश नागर ने आरोपित द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र को खारिज करने के आदेश दिए। पीड़िता ने इस साल मई में सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके अनुसार आरोपित प्रमोद कुमार निवासी नरायच, एत्माद्दौला से उसकी मुलाकात एक चैट एप के माध्यम से एक साल पहले हुई थी। प्रमोद ने मई में उसे सारे प्रमाण पत्रों के साथ आगरा बुलाया। यहां सिकंदरा स्थित एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसकी अपने मोबाइल से वीडियो बना ली। इसके बाद उससे आर्य समाज मंदिर में जबरन शादी कर ली। शादी नहीं करने पर उसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता के मुकदमा दर्ज कराने पर पुलिस ने आरोपित प्रमोद को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।

पुलिस पर हमले के आरोपित को मिली जमानत

पुलिस पर जानलेवा हमले के आरोपित द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद अपर जिला जज की अदालत ने उसकी जमानत स्वीकृत करते हुए रिहाई के आदेश दिए।

घटना 19 फरवरी 2021 की है। इरादत नगर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उसे बैंक लूट के आरोपित मुकेश ठाकुर, रविंद्र उर्फ मोनी जाट और अजीत के महदेवा गांव के पास होने की सूचना मिली। पुलिस के घेराबंदी करने पर आरोपित बाइक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक नंबर की जांच की तो वह फर्जी निकला। आरोपित रविंद्र कुमार निवासी धौलपुर की ओर से प्रस्तुत जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद उसकी रिहाई के आदेश दिए।

chat bot
आपका साथी