UP Assembly Election 2022: विधानसभा चुनाव के लिए हो रहे तैयार लड़ाके, बसपा और आप ने दी आगरा में जिम्‍मेदारी

बसपा दो और आप तीन विधानसभा क्षेत्रों पर घोषित कर चुकी है अपने प्रभारी। बाकी दलों में चल रही रस्साकशी वाल पेंटिंग के माध्यम से ठोंक रहे दावेदारी। प्रत्‍याशियों को क्षेत्र में संपर्क करने के लिए मिल जाएगा ज्‍यादा समय।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 09:48 AM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 09:48 AM (IST)
UP Assembly Election 2022: विधानसभा चुनाव के लिए हो रहे तैयार लड़ाके, बसपा और आप ने दी आगरा में जिम्‍मेदारी
बहुजन समाज पार्टी और आप ने आगरा में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।

आगरा, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव का मौसम भले ही अभी दूर हो लेकिन वातावरण अभी से बनने लगा है। विभिन्न राजनीति दल सक्रिय हो गए हैं।संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ ही प्रत्याशियों के चयन के लिए अंदरूनी मशक्कत शुरू हो गई है। कोई सर्वे के माध्यम से दावेदारों का फीडबैक ले रहा है तो कोई दावेदारों की कुंडली खंगाल रहा है। वहीं, कुछ दावेदार वाल पेंटिंग के माध्यम से अपनी दावेदारी का दावा ठोंक रहे हैं।

बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी (आप) ने कुछ विधानसभा क्षेत्रों पर अपने प्रभारी भी नियुक्त कर दिए हैं। दोनों ही पार्टियों में विधानसभा क्षेत्र प्रभारी ही प्रत्याशी होते हैं। बसपा ने हाल ही में एत्मादपुर और फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर यहां के प्रभारी घोषित किए। इधर, आप ने जिले की नौ विधानसभा सीटों में से तीन पर अपने प्रभारी घोषित किए। इसमें फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से तो पार्टी के जिलाध्यक्ष को ही प्रभारी बनाया गया है।बाकी एत्मादपुर और छावनी सीट पर भी लड़ाके घोषित कर दिए हैं। आप पहली बार विधानसभा चुनाव मैदान है। दोनों ही पार्टियां शेष सीटों पर भी अपने प्रभारी घोषित करेगी। पिछले विधानसभा चुनाव में फतेहाबाद विधानसभा सीट को छोड़कर बाकी सभी आठ सीटों पर बसपा प्रत्याशी दूसरे नंबर पर रहे थे। फतेहाबाद में बसपा तीसरे नंबर पर रही थी। जबकि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में नौ में से छह सीटों पर बसपा का कब्जा था।

अधिकांश नये चेहरे हाेंगे

बसपा की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले अधिकांश नये चेहरे होंगे। पिछले चुनाव में पार्टी ने जिन प्रत्याशियों पर दांव लगाया था, उसमें से दो प्रत्याशियों को छोड़कर बाकी सभी दूसरे दलों का दामन थाम चुके हैं। एत्मादपुर से प्रत्याशी रहे डा. धर्मपाल सिंह और बाह से प्रत्याशी रहे मधुसूदन शर्मा अब सपा में शामिल हो गए हैं। छावनी से प्रत्याशी रहे गुटियारी लाल दुबेश और फतेहाबाद से प्रत्याशी रहे उमेश सैंथिया अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। वहीं, ग्रामीण सीट से प्रत्याशी रहे कालीचरन सुमन ने रालोद का दामन थाम लिया है। फतेहपुर सीकरी से प्रत्याशी रहे सूरज पाल और खेरागढ़ से प्रत्याशी रहे भगवान सिंह कुशवाह वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे। हालांकि ये दोनों नेता फिलहाल किसी भी दल में सक्रिय नहीं हैं। ऐसे में इस चुनाव में बसपा के अधिकांश नये चेहरे ही सामने होंगे।

हमारे यहां विधानसभा क्षेत्र प्रभारी ही प्रत्याशी होते हैं। हमारी कोशिश है कि प्रत्याशियों को जनसंपर्क के लिए भरपूर समय मिले। इसलिए इतनी जल्दी घोषित किए जा रहे हैं। विमल कुमार वर्मा, जिलाध्यक्ष, बसपा

इस बार हमारी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। विधानसभा क्षेत्र प्रभारी ही प्रत्याशी होंगे। तीन सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। बने सिंह पहलवान, जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी

chat bot
आपका साथी