By Poll Panchayat 2021: कड़ी सुरक्षा के बीच आगरा में वोटों की गिनती शुरू, दस ब्लाकों में हो रही मतगणना
आगरा जनपद में कुल 160 रिक्त पदों के लिए हुआ था उपचुनाव। ग्राम पंचायत सदस्य के 156 पदों का आना है परिणाम। तीन ग्राम प्रधान और एक बीडीसी का भी आना है परिणाम। शाम तक आ जाएंगे अधिकांश सीटों पर परिणाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दस ब्लाकों में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। छुटपुट अड़चनों के बीच 16 टेबलों पर मतपत्र गिने जा रहे हैं। अधिकांश पदों पर शाम तक परिणाम आ सकता है। प्रत्याशियों के एजेंट के अलावा किसी को भी मतगणना स्थल पर नहीं आने दिया गया है। जिन ब्लाक कार्यालयों पर मतपत्रों की गिनती हो रही है, वहां पुलिस का सख्त पहरा लगाया गया है।
जिले में रिक्त 16 पदों के लिए बीते शनिवार को मतदान हुआ था। इसमें 156 ग्राम पंचायत सदस्य, तीन प्रधान और एक क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। उपचुनाव में 64.98 फीसद मतदान हुआ था। सोमवार को मतों की गणना होगी। इसके लिए एत्मादपुर, खंदौली, अकोला, अछनेरा, जगनेर ब्लाक में एक-एक टेबल, जैतपुर कलां, बाह, सैंया और खेरागढ़ ब्लाक में दो-दो टेबल, बिचपुरी ब्लाक में तीन टेबल लगाई गई हैं। ग्राम प्रधान के तीनों पद और क्षेत्र पंचायत सदस्य का परिणाम शाम तक आ सकता है। परिणाम के बाद जुलूस निकालने या स्वागत समारोह करने की अनुमति नहीं होगी।
ग्राम पंचायत के इतने पदों का आना है परिणाम
ब्लाक सदस्यों की संख्या
अकोला 18
अछनेरा 15
खेरागढ़ 27
जगनेर 23
सैंया 33
बाह 33
जैतपुर कलां 07
इन गांवों के प्रधान प्रत्याशियों की बढ़ी धड़कन
खंदौली ब्लाक की ग्राम पंचायत कुबेरपुर, बिचपुरी ब्लाक की ग्राम पंचायत बरारा और जैतपुर कलां ब्लाक की ग्राम पंचायत मढेपुरा के प्रधान का चुनाव होना है। उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान फतेहपुर सीकरी ब्लाक की ग्राम पंचायत रसूलपुर में निर्विरोध चुनाव हो गया है।
यहां होना बीडीसी चुनाव
एत्मादपुर ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्य के वार्ड 70 (सिकतरा) के सदस्य के लिए मतदान होना है। इसमें से खेरागढ़ ब्लाक के वार्ड 40 (सरैंडा) पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हो गया है। अकोला ब्लाक के वार्ड 52 (बसैरी चाहर) पर नामांकन खारिज हो गया है।