पिनाहट में मिट्टी की ढाय गिरी, एक बच्चे की मौत, महिला समेत तीन बच्चे घायल

यमुना के खादर में से मिट्टी खोदने गए थे बच्चे और महिलाएं तभी हुआ हादसा। काफी मशक्कत के बाद फावड़े से मिट्टी हटाकर किसी तरह महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आगरा रेफर किया गया है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 01:06 PM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 01:06 PM (IST)
पिनाहट में मिट्टी की ढाय गिरी, एक बच्चे की मौत, महिला समेत तीन बच्चे घायल
मिट्टी की ढाय गिरने से मृतक बच्‍ची के घर विलाप करतीं महिलाएं।

आगरा, जागरण संवाददाता। यमुना के खादरों में सोमवार सुबह महिलाएं और बच्चे मिट्टी खोद रहे थे। अचानक मिट्टी की ढाय गिर पड़ी। इसके नीचे दबकर एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि महिला समेत तीन घायल हुए हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आगरा रेफर किया गया है।

पिनाहट में पिढ़ौरा क्षेत्र के गांव रीठई में सोमवार सुबह दस बजे महिलाएं और बच्चे यमुना के खादर से पीली मिट्टी खोदने के लिए गए थे। सभी मिट्टी की खोदाई कर रहे थे। अचानक मिट्टी की ढाय गिर गई। इसके नीचे महिलाएं और बच्चे दब गए। खादर के ऊपर अन्य महिलाएं और बच्चे खड़े थे। ढाय गिरने के बाद वे चीखने लगे। चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान वहां पहुंच गए। थोड़ी देर में ही गांव से भी बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद फावड़े से मिट्टी हटाकर किसी तरह महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को हास्पिटल पहुंचाया। मिट्टी में दबे रहने से आठ वर्षीय गुंजन की मौत हो गई। जबकि 35 वर्षीय अनीता, छह वर्षीय नितिन, आठ वर्षीय अंशु और 18 वर्षीय अवधेश को हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया।इनकी भी हालत गंभीर है। सभी आगरा रेफर कर दिया है।हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के गांव के लोग भी वहां पहुंच गए।

गांव में मची चीख पुकार

त्योहार से पहले घरों में लिपाई के लिए महिलाएं और बच्चे मिट्टी खोदने गए थे। ढाय गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई। महिला समेत चार की हालत भी गंभीर है। हादसे के बाद गांव में चीख पुकार मच गई। त्योहार से पहले ही खुशियां गम में बदल गई हैं।

chat bot
आपका साथी