भुट्टो का पत्ता साफ, आगरा की दक्षिण विधानसभा सीट पर इस बार मुस्लिम छोड़ ब्राह्मण चेहरे पर दांव खेलेगी बसपा

बहुजन समाज पार्टी ने आगरा की दक्षिण विधानसभा सीट पर अपनी रणनीति बदली है। इस बार पार्टी मुस्लिम प्रत्याशी पर दांव लगाने की बजाय ब्राह्मण चेहरे को लेकर आई है। जीआइसी मैदान पर कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान की गई घोषणा।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 03:38 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 03:38 PM (IST)
भुट्टो का पत्ता साफ, आगरा की दक्षिण विधानसभा सीट पर इस बार मुस्लिम छोड़ ब्राह्मण चेहरे पर दांव खेलेगी बसपा
जीआइसी मैदान में हुआ बसपा का कार्यकर्ता सम्मेलन।

आगरा, जागरण संवाददाता। उप्र में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने आगरा की दक्षिण विधानसभा सीट पर अपनी रणनीति बदली है। इस बार पार्टी मुस्लिम प्रत्याशी पर दांव लगाने की बजाय ब्राह्मण चेहरे को लेकर आई है। रविवार को जीआइसी मैदान पर कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान इसकी घोषणा भी कर दी गई।

रविवार को जीआइसी मैदान पर बसपा का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि आगरा, अलीगढ़, कानपुर मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी मुनकाद अली की मौजूदगी में हुए इस सम्मेलन के दौरान दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी की भी घोषणा की गई। पार्टी ने इस बार रवि भारद्वाज को इस सीट पर अपना प्रत्याशी बनाया है। रवि भारद्वाज का यह पहला चुनाव होगा। इससे पहले उन्होंने कोई चुनाव नहीं लड़ा है। वहीं, इस सीट से वर्ष 2017 में चुनाव लड़ चुके जुल्फिकार अहमद भुट्टो को टिकट नहीं दी है। भुट्टो अब तक तीन बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। दो बार दक्षिण विधानसभा और एक बार छावनी विधानसभा से वह बसपा के प्रत्याशी रहे हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में उन्हें 57,657 वोट मिले थे। वह दूसरे नंबर पर रहे थे। इसी सीट से भाजपा के योगेंद्र उपाध्याय दूसरी बार विधायक चुने गए थे। इससे पहले भुट्टो ने इसी सीट से वर्ष 2012 में बसपा से ही चुनाव लड़ा था। तब भी वह दूसरे नंबर पर रहे थे। तब उन्हें 51,364 वोट मिले थे। वर्ष 2007 के चुनाव में उन्होंने छावनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में वह विजयी हुए थे। तब उन्हें 30,524 वोट मिले थे। वर्ष 2012 में नए परिसीमन के तहत छावनी विधानसभा आरक्षित हो गई थी। इसके चलते उन्हें यहां मैदान छोड़ना पड़ा था। जिलाध्यक्ष विमल कुमार वर्मा के अनुसार, बसपा एत्मादपुर विधानसभा सीट पर सर्वेश बघेल और फतेहाबाद विधानसभा सीट पर शैलू जादौन को अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।

chat bot
आपका साथी