BSP: ब्रज में बोले बसपा के राष्ट्रीय महासचिव, प्रताड़ित व आतंकित ब्राह्मणों को दिलाना है सम्मान

BSP प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में पहुंचने से पहले बसपा महासचिव ने लिया बांकेबिहारी का आशीर्वाद। बहुजन समाज पार्टी ने 2007 की तर्ज पर एकबार फिर ब्राह्मणों को जोड़ने का एलान किया है। इसकी जिम्मेदारी पार्टी महासचिव सतीशचंद्र मिश्रा को दी गई।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 03:00 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 05:07 PM (IST)
BSP: ब्रज में बोले बसपा के राष्ट्रीय महासचिव, प्रताड़ित व आतंकित ब्राह्मणों को दिलाना है सम्मान
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में पहुंचने से पहले बसपा महासचिव बांकेबिहारी का आशीर्वाद लेने पहुंचे।

आगरा, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शामिल होने से पहले पार्टी महासचिव सतीशचंद्र मिश्रा ने ठा. बांकेबिहारी का आशीर्वाद लिया। मिश्रा ने बांकेबिहारी का आशीर्वाद लेकर पार्टी की जीत की कामना की।

अयोध्या में भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेकर सूबे की सत्ता तक पहुंचने की जिम्मेदारी कंधों पर उठाते हुए बसपा महासचिव शनिवार सुबह ठा. बांकेबिहारी की शरण पहुंचे। राम के साथ श्याम का आशीर्वाद लेकर ब्राह्मणों का समर्थन हासिल करने के उद्देश्य से ब्रज पहुंचे मिश्रा ने कहा वे एकबार फिर 2007 के फार्मूले को दोहराते हुए ब्राह्मण-दलित समाज के जरिए सूबे की सत्ता में पहुंचने की तैयारी में जुटे हैं। ठा. बांकेबिहारीजी के दर्शन के बाद पत्रकारों से रूबरू मिश्रा ने कहा बसपा पूरे प्रदेश में प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन कर रही है। खासतौर पर जिस तरह ब्राह्मण समाज प्रताड़ित और आतंकित है। इसके लिए उनके बीच जाकर उनकी बात सुन रहे हैं। उनका मान, सम्मान छीन लिया गया है, उसको वापस दिलाने के लिए ही इस तरह के सम्मेलन किए जा रहे हैं।

विदित हो विधानसभा चुनाव 2022 में सत्ता हासिल करने के लिए सभी राजनैतिक दल वोटरों को लुभाने में जुट गए हैं। बहुजन समाज पार्टी ने 2007 की तर्ज पर एकबार फिर ब्राह्मणों को जोड़ने का एलान किया है। इसकी जिम्मेदारी पार्टी महासचिव सतीशचंद्र मिश्रा को दी गई। मिश्रा ने अयोध्या में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के साथ अपने अभियान की शुरूआत की और शनिवार को गोवर्धन में इसी सम्मेलन को संबोधित करने सतीशचंद्र मिश्रा शनिवार को पहुंचे थे। इससे पूर्व मिश्रा ने ठा. बांकेबिहारीजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूजा-अर्चना के बाद मिश्रा का काफिला गोवर्धन के लिए रवाना हो गया।

chat bot
आपका साथी