जमीन के विवाद में बड़े भाई को गोली मारी

अछनेरा के व्यापारी मुहल्ला में शनिवार रात विवाद के बाद हुई घटना आरोपित फरार

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 06:25 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 06:25 AM (IST)
जमीन के विवाद में बड़े भाई को गोली मारी
जमीन के विवाद में बड़े भाई को गोली मारी

जागरण टीम, आगरा। जमीन के विवाद में बड़े भाई को गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपित भाग निकला। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अछनेरा के व्यापारी मुहल्ला निवासी सिराजुद्दीन के पांच बेटे जहीर, शाहिद, आरिफ, सिंधी और इमरान हैं। सभी अलग-अलग रहते हैं। आरिफ की पत्‍‌नी चांदनी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पति ने अपने हिस्से की जमीन बेची थी। छोटा भाई सिंधी उसकी रकम मांग रहा था। इसी बात पर शनिवार रात नौ बजे दोनों भाइयों में विवाद हो गया। मारपीट के बाद सिंधी ने तमंचे से आरिफ को गोली मार दी, जो उसके कंधे में धंस गई। घटना के बाद वह भाग निकला। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। आरिफ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक चांदनी की तहरीर पर आरोपित सिंधी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है।अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपित मौके से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। 20 लीटर कच्ची शराब समेत युवक गिरफ्तार

जागरण टीम, आगरा। कच्ची शराब के साथ युवक को गिरफ्तार किया गया है। शमसाबाद पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित लाला उर्फ जीजू निवासी कंस टीला, शमसाबाद है। उसके कब्जे से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है। पुलिस को मौके से 400 लीटर लहन भी मिला। इसे नष्ट कराया गया है। पिनाहट थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

जागरण टीम, आगरा। दहेज उत्पीड़न के मामले में पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पलोखरा, मनसुखपुरा निवासी प्रीति का विवाह तीन वर्ष पूर्व पिनाहट के मोदीपुरा निवासी संदेश से हुआ था। प्रीति का आरोप है कि पति समेत ससुरालीजन दहेज को लेकर उसे परेशान कर रहे थे। मामले में पुलिस ने पति संदेश, ससुर भगवान दास, सास विमला देवी, जेठ ओमकार, देवर आकाश, ननद मोहिनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विद्यालय की दीवार तोड़ सामान चोरी

जागरण टीम, आगरा। फतेहपुर सीकरी के मुहल्ला कटरा शिवदास स्थित प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट की दीवार तोड़कर चोर सामान समेट ले गए। शनिवार सुबह प्रधानाध्यापिका आशा रानी पहुंची तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि चोर फर्नीचर, स्टेशनरी समेत काफी सामान ले गए। थाने पर शिकायत की गई है। सैंया में तीन जुआरी गिरफ्तार

जागरण टीम, आगरा। सैंया के गांव ताहरपुर में जुआ खेल रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसओ अरविंद निर्वाल के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों में पदम सिंह, झम्मन निवासीगण नगला सीसिया, मलपुरा और संजय निवासी पुल रोड, खेरागढ़ हैं। उनके कब्जे से 10 हजार 500 रुपये व ताश की गड्डी बरामद हुई है।

chat bot
आपका साथी