मैनपुरी में देवर बन गया हत्‍यारा, फावड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर मार डाली भाभी

सिंचाई की नाली को लेकर था देवर-भाभी के बीच विवाद। नाली की सफाई करते समय आरोपित देवर ने किया हमला। अस्‍पताल ले जाने से पहले ही भाभी ने तोड़ा दम। हत्‍यारोपित मौके से फरार। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 12:12 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 12:12 PM (IST)
मैनपुरी में देवर बन गया हत्‍यारा, फावड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर मार डाली भाभी
देवर ने भाभी की फावड़ा मारकर हत्‍या कर दी।

आगरा, जेएनएन। मैनपुरी में सिंचाई की नाली को लेकर देवर-भाभी के बीच चल रहे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद के बाद नाराज देवर ने भाभी पर फावड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। घटना स्थल पर ही महिला की मौत हो गई। आरोपित घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

थाना औंछा क्षेत्र के गांव दलीपपुर निवासी रामवती पत्नी घमंडी लाल और उनके देवर सर्वेश का खेत पास-पास है। दोनों के खेतों में धान की फसल खड़ी है। सिंचाई का पानी सर्वेश के खेत में बनी नाली से होकर रामवती के खेत में जाता है। कुछ दिन पहले सर्वेश ने अपने खेत में बनी नाली से रामवती काे पानी ले जाने से रोक दिया था। इसे लेकर गांव में पंचायत भी हुई लेकिन सर्वेश किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं था। रामवती की फसल सूख रही थी। इसलिए शनिवार सुबह करीब आठ बजे रामवती ने सर्वेश के खेत में बनी नाली की सफाई फावड़े से शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर सर्वेश वहां पहुंच गया और रामवती को नाली की सफाई करने से रोकने लगा। रामवती ने अपनी फसल सूखने का हवाला देकर नाली की सफाई जारी रखी तो सर्वेश नाराज हो गया और रामवती का फावड़ा छीनकर उन पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। रामवती के चीखने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित फरार हो गया। रामवती को अस्पताल ले जाया जाता, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना की तहरीर मृतका की पुत्रवधू सुषमा ने सर्वेश, उसकी पत्नी सुषमा देवी, पुत्र शिवम, नितिन और पुत्री काजल के खिलाफ दी है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही अन्य आरोपित भी फरार हो गए। एसओ अजीत सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी