आगरा में पैग लगाकर पहुंचा दूल्हा, फेरे लेने से दुल्हन ने कर दिया इंकार

फेरों से पहले चक्कर आने पर खुला राज दोस्तों ने पिला दिए थे दाे पैग। शादी समारोह में दूल्हे को दौरा पड़ने का मचा हल्ला बरातियों को गया रोका। आधी रात तक चली पंचायत पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बिना दुल्हन लिए लौटे बराती।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 03:29 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 03:29 PM (IST)
आगरा में पैग लगाकर पहुंचा दूल्हा, फेरे लेने से दुल्हन ने कर दिया इंकार
शादी समारोह में दूल्हे को दौरा पड़ने का मचा हल्ला

आगरा, जागरण संवाददाता। दोस्तों की सलाह खुशी का जाम दूल्हे को भारी पड़ गया। वह दो पैग लगाकर बरात लेकर दुल्हन के दरवाजे पर पहुंच गया। मगर, फेरों से पहले उसकी हालत बिगड़ गई। दूल्हे को चक्कर आने पर शादी समारोह में उसे दौरे पड़ने का हल्ला मच गया। जिससे घरातियों में अफरातफरी मच गई। इस बीच दुल्हन को इसका पता चला तो उसने शादी से इंकार करते हुए फेरे लेने से मना कर दिया।आक्रोशित दुल्हन पक्ष ने लड़के वालों को मैरिज होम में रोक लिया। आधी रात तक पंचायत चली, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। बरात को दुल्हन लिए बिना ही लौटना पड़ा।

ताजगंज पुलिस को रविवार की रात करीब पौने एक बजे फतेहाबाद मार्ग स्थित एक मैरिज होम में बरातियों को बंधक बनाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो मामला कुछ और निकला। दूल्हा शाहगंज और दुल्हन पक्ष ताजगंज इलाके का रहने वाला था। दुल्हन पक्ष का कहना था कि फेरों से पहले दूल्हे को चक्कर आ गए थे। उसकी हालत बिगड़ गई और वह गिर गया। दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हे को मिर्गी के दौरे पड़ते हैं।

वहीं, दूल्हा पक्ष का कहना था कि उसे दौरे नहीं पड़ते हैं। उसका खुद का कारोबार है। छानबीन के दौरान सामने आया कि दूल्हे को उसके दोस्तों ने शादी की खुशी में दो पैग पिला दिए थे। दूल्हा शराब नहीं पीता था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। दुल्हन पक्ष ने बरातियों को रोक लिया। दुल्हन पक्ष ने शादी में खर्च हुए 25 लाख रुपये की मांग की। जबकि दूल्हा पक्ष 12 लाख रुपये देने को तैयार था। रात दो बजे तक दोनों पक्ष की पंचायत चली। मगर, कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बरातियों को जाने दिया गया। इंस्पेक्टर ताजगंज ओमहरि वाजपेयी ने बताया कि दोनों पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। शादी से इंकार के बाद दोनों पक्ष ने राजीनामा करने के लिए दो दिन का समय मांगा है। 

chat bot
आपका साथी