Most Challenging Boxer: आगरा के रोहित यादव को मोस्ट चैलेंजिंग बाक्सर का खिताब

Most Challenging Boxer हरियाणा के सोनीपत में हुई तृतीय जूनियर बालक मुक्केबाजी राष्ट्रीय प्रतियोगिता। आगरा के रोहित व अमन ने जीते रजत पदक दो खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में हारे। खिताब जीतने के साथ ही रोहित का इंडिया कैंप में चयन हुआ है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 10:53 AM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 10:53 AM (IST)
Most Challenging Boxer: आगरा के रोहित यादव को मोस्ट चैलेंजिंग बाक्सर का खिताब
मोस्ट चैलेंजिग बाक्सर के खिताब के साथ आगरा का खिलाड़ी रोहित।

आगरा, जागरण संवाददाता। हरियाणा के सोनीपत में हुई तृतीय जूनियर बालक मुक्केबाजी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आगरा के चार खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय मुक्केबाजी संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में आगरा के रोहित यादव को मोस्ट चैलेजिंग बाक्सर का खिताब मिला।

आगरा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल प्रतिस्पर्धा में अपना लोहा मनवाया है। शहर की प्रतिभा एक बार फिर निखर कर आइ है और राष्ट्रीय स्तर पर ताजनगरी का नाम रोशन किया है। क्रिकेट की दुनिया में जहां आगरा के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अपना परचम पूरी दुनिया के सामने लहरा रहे हैं वहीं अब बॉक्सिंग में भी शहर के युवा खिलाड़ी अपनी चमक बिखेर रहे हैं। हरियाणा में हुइ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में आगरा रेलवे बाक्सिंग एकेडमी के प्रशिक्षु रोहित ने भार वर्ग 50-52 किग्रा में आंध्र प्रदेश, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली के मुक्केबाजों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में कड़े संघर्ष में वो सर्विसेज के निखिल से पराजित हो गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। रोहित का इंडिया कैंप में चयन हुआ है। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के पूर्व प्रशिक्षु और वर्तमान में भोपाल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अमन राठौर ने भार वर्ग 60-63 किग्रा में उत्तराखंड, ओडिशा, मिजोरम और राजस्थान के मुक्केबाजों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में सर्विसेज के मुक्केबाज ने उन्हें हरा दिया, जिससे उन्हें रजत पदक मिला। भार वर्ग 57-60 किग्रा में एकलव्य स्टेडियम के प्रशिक्षु करन राजपूत को क्वार्टर फाइनल में सर्विसेज के मुक्केबाज ने 3-2 से हराया। भार वर्ग 48-50 किग्रा में मेरठ स्पोर्ट्स हास्टल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे संजीव कुशवाह को क्वार्टर फाइनल में आंध्र प्रदेश के मुक्केबाज से हार का सामना करना पड़ा। 

chat bot
आपका साथी