कल मथुरा जाने की सोच रहे हैं तो पहले पढ़ लें यह खबर, इन रास्तों पर हो चुकी है नाकाबंदी

श्रीकृष्ण जन्मभूमि और ईदगाह के रास्तों पर नाकबंदी कान्हा की नगरी में हर ओर है चौकसी। छह दिसंबर को लेकर अलर्ट मोड़ पर पुलिस व प्रशासन। छह जोन में बांटा गया है शहर दोनों स्थलों पर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 06:47 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 07:36 PM (IST)
कल मथुरा जाने की सोच रहे हैं तो पहले पढ़ लें यह खबर, इन रास्तों पर हो चुकी है नाकाबंदी
छह दिसंबर को लेकर पूरे मथुरा शहर में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।

आगरा, जागरण टीम। छह दिसंबर को लेकर पूरे मथुरा शहर में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर रविवार को नाकाबंदी कर दी गई है। शहर को छह जोन में बांटा गया है। सोमवार को दोनों धार्मिक स्थलों के सर्किल में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। दोनों स्थलों पर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हालांकि इन रास्तों पर पैदल जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

कई हिंदू संगटनों ने छह दिसंबर को शाही मस्जिद ईदगाह में जलाभिषेक करने और पदयात्रा करने का एलान कर माहौल गर्मा दिया था। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बाद सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए। लेकिन पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। छह दिसंबर को लेकर पुलिस लाइन सभागार में शनिवार देररात तक चली अधिकारियों की मीटिंग में आइजी नचिकेता झा ने सुरक्षा-व्यवस्था के प्लान की समीक्षा की। जोन की संख्या चार से बढ़ाकर छह कर दी गई है। हालांकि रात को सुरक्षा चार जोन में होगी, जबकि दिन में छह जोन में होगी।

सुबह सात बजे से ही सुपर जोन और जोन अधिकारी भ्रमण पर निकले और एक-एक ड्यूटी प्वाइंट को चेक किया। सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया, सोमवार को दोनों धार्मिक स्थल के सर्किल के सभी रास्तों पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। भूतेश्वर से मसानी, डीग गेट से चौक बाजार, भरतपुर गेट, गणेशरा कट से पोतरा कुंड और गोविंद नगर की तरफ किसी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया, पैदल जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। यातायात व्यवस्था में भी संशोधन किया गया है। इधर, दोपहर में डीएम नवनीत चहल और एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने दोनों धार्मिक क्षेत्रों के आसपास और शहरी क्षेत्र में भी भ्रमण किया। इसके साथ ही सुरक्षा में तैनात जवानों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा, सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर कोई भी चूक नहीं होनी चाहिए।

कई को किया नजर बंद

श्री कृष्ण जन्मभूमि निर्माण न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य देव मुरारी बापू को वृंदावन में पुलिस ने नजरबंद कर लिया। उन्होंने छह दिसंबर को कार सेवा और पदयात्रा निकालने का एलान किया था, जिसे उन्होंने एक दिसंबर को वापस ले लिया था। इसके बाद भी पुलिस वृंदावन के आनंदवाटिका स्थित उनके आवास पर तैनात कर दी गई। अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष छाया गौतम की निगरानी की गई, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल त्रिपाठी के दिल्ली स्थित आवास पर पुलिस की निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही अन्य लोगों के भी मोबाइल फोन रविवार को स्विच आफ रहे। हालांकि, एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया,पुलिस ने किसी को नजरबंद नहीं किया है, लेकिन कुछ लोगों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

जंतर-मंतर पर हिंदू महासभा करेगी जलाभिषेक

अखिल भारत हिंदू महासभा ने शाही मस्जिद ईदगाह में लड्डू गोपाल का जलाभिषेक निरस्त करने के बाद अब छह दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जलाभिषेक करने का एलान किया है। अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यश्री चौधरी ने रविवार को इंटरनेट मीडिया पर जारी वीडियो में कहा है कि छह दिसंबर को पहले शाही मस्जिद ईदगाह में लड्डू गोपाल का जलाभिषेक करने का कार्यक्रम रखा गया था, लेकिन प्रशासन के दबाव में निरस्त कर दिया गया था। अब महासभा ने जलाभिषेक का कार्यक्रम सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर दोपहर 12 बजे करने का फैसला किया है। उन्होंने सनातनी लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने का भी आह्वान किया।

आज ये रहेगी यातायात व्यवस्था

गोविंद नगर गेट से जन्मभूमि की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। डीग गेट से जन्मस्थान के सामने की सड़क पोतरा कुंड तक, पोतरा कुंड महाविद्या कालोनी पोतरा कुंड रेलवे क्रासिंग के पास तथा जगन्नाथ पुरी पोतरा कुंड के सामने जगन्नाथपुरी की ओर से पोतरा कुंड की दूसरी साइट से किसी भी प्रकार के वाहन को आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

-भूतेश्वर तिराहे से आगे कोई भी वाहन डीग गेट श्रीकृष्ण जन्म स्थान की ओर नहीं जाएगा। गणेशरा कट-जन्मभूमि लिंक रोड से कोई भी वाहन किसी भी दशा में पोतरा कुंड की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा ।

-सभी वाहन, जो भूतेश्वर चौराहे होकर डीग गेट, मसानी होकर वृंदावन जाएंगे, वे वाहन गोवर्धन चौराहे से गोकुल रेस्टोरेंट से मसानी होते हुए छटीकरा होकर वृंदावन जाएंगे। कोई वाहन जन्मभूमि-डीगगेट की तरफ नहीं जा सकेगा। गोवर्धन चौराहे से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करने दिए जाएंगे। मसानी से डीग होते हुए भूतेश्वर आने वाले वाहनों को मसानी से गोकुल रेस्टोरेंट से गोवर्धन चौराहा होते हुए भूतेश्वर के लिए भेजा जाएगा।भरतपुर गेट से डीग गेट की तरफ सभी प्रतिबंधित रहेंगे। कोई भी वाहन डींग गेट चौकी की ओर प्रवेश नहीं करेगा।

ये प्रतिबंधित मार्ग

-धौलीप्याऊ तिराहा से स्टेट बैक चौराहे की तरफ सभी चार पहिया और भारी वाहन।

-टैंक चौराहा से स्टेट बैंक चौराहा की ओर सभी चार पहिया और भारी वाहन।

-कृष्णापुरी तिराहा (सदरबाजार) से सभी भारी वाहन।

-गोकुल बैराज तिराहा से टैंक चौराहे की ओर सभी भारी वाहन।

-गोकुल रेस्टोरेंट से से मसानी की ओर सभी भारी वाहन।

-वृंदावन-मसानी से मथुरा शहर की ओर सभी छोटे-भारी वाहन ।-गोवर्धन चौराहे से भूतेश्वर चौराहे की ओर सभी छोटे-भारी वाहन।

डायवर्जन

जिन वाहनों को गोकुल रेस्टोरेंट से मसानी होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे के लिए जाना है, वे वाहन टाउन शिप से गोकुल बैराज, लक्ष्मीनगर होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे के लिए जाएंगे। जिन वाहनों को यमुना एक्सप्रेस-वे से वृंदावन से मसानी होते हुए मथुरा को आना है, वे वाहन राया कट से लक्ष्मीनगर से आ सकेंगे ।

chat bot
आपका साथी