आगरा में भाजयुमो उपाध्यक्ष से मारपीट, अगवा करने की कोशिश
नाई की मंडी थाने में भाजयुमो महानगर महामंत्री समेत तीन नामजद 12 अज्ञात भी मुकदमे में शामिल। पीड़ित राहुल आर्य का कहना है कि संगठन में पदाधिकारियों का पुनर्गठन होने वाला है। वह अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। इसको लेकर संगठन के अन्य पदाधिकारी खफा हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों की रात शुक्रवार को सड़क से लेकर थाने तक पहुंच गई। भाजयुमो के महानगर उपाध्यक्ष ने महामंत्री और उनके साथियों पर मारपीट और अगवा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पदाधिकारियों के खिलाफ नाई की मंडी थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। वहीं दूसरा पक्ष आरोपों को गलत बता रहा है।
शाहगंज के इंद्रा कालोनी निवासी निवासी भाजयुमो महानगर उपाध्यक्ष राहुल आर्य ने बताया कि वह शुक्रवार शाम 5.15 बजे धाकरान चौराहा स्थित होटल मोती पैलेस से अपनी स्कूटी लेकर घर जा रहे थे। सुंदरपाड़ा में एक कोचिंग के पास गढ़ी भदौरिया निवासी कार सवार भाजयुमो महानगर महामंत्री शैलू पंडित, कृष्णा, सूरज पांडे सहित दो पहिया वाहन सवार 10 अज्ञात लोगों ने रोक लिया। जिस गाड़ी में शैलू पंडित थे, उस पर महामंत्री युवा मोर्चा लिखा था। आरोपित उन्हें तमंचा दिखाकर कार में खींचकर डालने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। शोर मचाने पर राहगीर आ गए। राहुल किसी तरह वहां से भाग निकले। इसके बाद विधायक योगेंद्र उपाध्याय के निवास पर पहुंचे। उन्हें जानकारी दी और थाने पहुंच गए। उनकी स्कूटी भी मौके पर पड़ी रह गई। बाद में वह नहीं मिली। इंस्पेक्टर नाई की मडी शाह नजर अहमद का कहना है कि शैलू पंडित, कृष्णा, सूरज और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें अपहरण के प्रयास और मारपीट का आरोप लगाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
संगठन के गठन से पहले बढ़ी तनातनी
पीड़ित राहुल आर्य का कहना है कि संगठन में पदाधिकारियों का पुनर्गठन होने वाला है। वह अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। इसको लेकर संगठन के अन्य पदाधिकारी खफा हैं। दबाव बनाने के लिए उन पर हमला बोला गया।