BJP निर्वाचित अध्यक्ष जेपी नड्डा की पहली रैली आगरा में, CAA के समर्थन में CM योगी आदित्यनाथ के साथ सभा

CAA आगरा के कोठी मीना बाजार में होने वाली इस रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा ने जोर लगा दिया है। इसके लिए संगठन महामंत्री सुनील बंसल खुद पूरी कमान संभाल रहे हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 22 Jan 2020 04:55 PM (IST) Updated:Thu, 23 Jan 2020 11:55 AM (IST)
BJP निर्वाचित अध्यक्ष जेपी नड्डा की पहली रैली आगरा में, CAA के समर्थन में CM योगी आदित्यनाथ के साथ सभा
BJP निर्वाचित अध्यक्ष जेपी नड्डा की पहली रैली आगरा में, CAA के समर्थन में CM योगी आदित्यनाथ के साथ सभा

आगरा, जेएनएन। ताजगनगरी भाजपा के निर्वाचित अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत को आतुर है। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन जेपी नड्डा आज आगरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी क्षेत्रीय रैलियों की श्रृंखला में इस आखिरी जनसभा को संबोधित करेंगे। 

आगरा के कोठी मीना बाजार में होने वाली इस रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा ने जोर लगा दिया है। इसके लिए संगठन महामंत्री सुनील बंसल खुद पूरी कमान संभाल रहे हैं। इस रैली में जेपी नड्डा के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शिकरत कर रहे हैं। सीएए के समर्थन में प्रदेश में यह छठी रैली है। रैली में एक लाख लोगों के जुटने की संभावना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद जेपी नड्डा पहली बार गुरुवार को आगरा आएंगे। वे नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे और लोगों के अंदर राष्ट्रवाद के प्रति समर्पित होने का भाव जगाएंगे।

सीएए के समर्थन में होने वाली जनसभा के सुरक्षा इंतजाम का अधिकारियों ने बुधवार को जायजा लिया। अधीनस्थों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने संबंधी निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बाहर से भी भारी संख्या में फोर्स मंगाया गया है। कोठी मीना बाजार में गुरुवार को भाजपा द्वारा सीएए के समर्थन में जनसभा है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ड़ा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता और मंत्री आ रहे हैं। सभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और फोर्स की तैनाती आदि को लेकर बुधवार को एडीजी जोन अजय आनंद, आइजी रेंज ए. सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस लाइन में फोर्स के साथ बैठक की। इसमें वीआइपी मार्ग पर काफिला निकलने के दौरान वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। कोठी मीना बाजार पर सभा के दौरान चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगा। इससे कि वहां कोई अराजक तत्व या विरोध प्रदर्शन करने वाले सभा में प्रवेश नहीं कर सकें।

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में गुरुवार को आगरा में होने वाली रैली कई मायनों में अहम होगी। क्षेत्रीय रैलियों की श्रंखला में अंतिम रैली होने के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद जेपी नड्डा की यह पहली रैली भी होगी। रैली स्रफल बनाने की तैयारी पूरी है। महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे है। सीएए के समर्थन में प्रदेश में अब तक हुई सभी पांच क्षेत्रीय रैलियों को प्रदेश में जबरदस्त कामयाबी मिली। सभी वर्गो की सहभागिता के साथ दलितों की भागीदारी उत्साहजनक रही है। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश आ रहे जगत प्रकाश नड्डा का नोएडा से लेकर आगरा तक कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया जायेगा। रैली स्थल तक उन्हें बड़े जुलूस के साथ ले जाएंगे।  नोएडा में डीएनडी के पास स्वागत करने के बाद जीरो प्वाइंट यमुना एक्सप्रेस ग्रेटर नोएडा, जेवर टोल प्लाजा और वृदांवन कट मथुरा सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर अभिनंदन होगा।

सभा स्थल और काफिले के मार्ग पर सक्रिय रहेंगी खुफिया एजेंसी

मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष दोनों के काफिला जिस मार्ग से गुजरना है, वहां पर पुलिस के अलावा खुफिया एजेंसियां भी सतर्क रहेंगी। दरअसल काफिले के मार्ग और सभा स्थल पर सीएए के विरोध में कुछ दल विरोध प्रदर्शन भी कर सकते हैं। हालांकि अभी तक किसी ने विरोध का एलान नहीं किया है। खुफिया एजेंसियां और पुलिस सादे कपड़ों में यहां पर बुधवार शाम से ही सतर्क हो गई हैं। इससे कि इस तरह की किसी भी आशंका से समय रहते निपटा जा सके।

सीएए पर भड़की हिंसा के बाद से संघ परिवार की चिंता का प्रमुख विषय बन गया है। सामाजिक समरसता में जुटी आरएसएस, भाजपा और दूसरे सहयोगी संगठनों के साथ समाज में फैले भ्रम को दूर करने में जुटी है। इसके साथ ही लोगों को जागरूक कर उन तक सही तथ्य पहुंचाए जा रहे हैं। संघ महानगर के सभी 40 नगरों में गोष्ठियां कर रहा है और लोगों को रैली में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित कर रहा है। भाजपा के जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी भी वार्ड स्तर पर बैठक कर भीड़ जुटाने में जुटे हैं।

ब्रज के पांच जिलों से आएगी भीड़

भाजपा आगरा जिला और आस-पास के साथ ही ब्रजक्षेत्र के पांच जिलों की 19 विधानसभा क्षेत्र से रैली के लिए भीड़ जुटा रही है। इनके साथ विचार परिवार के लोग भी आएंगे।

वाहन पार्किंग की ये रहेगी व्यवस्था

वाहनों से अव्यवस्था न हो इसके लिए पार्किंग स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। दोपहिया वाहन जीआइसी के सामने छात्रावास के पीछे पार्क किया जाएगा। बाह, फतेहाबाद, खेरागढ़, हाथरस, अलीगढ़, फीरोजाबाद की ओर से आने वाली बसें जीआइसी मैदान पचकुईया, आगरा कॉलेज मैदान पर होगी। मथुरा, फतेहपुरसीकरी की ओर से आने वाली बसें साकेत कॉलोनी एवं शिवाजी नगर में पार्क की जाएंगी। मंच के पीछे वीवीआइपी, वीआइपी कारों की पार्किंग होगी। अन्य कारों की पार्किंग तहसील रोड, अशोक नगर, अग्रसेन भवन के पीछे होगी। 

chat bot
आपका साथी