भाजपा पार्षद बोले-गाजीपुर बार्डर पर बैठे लोग किसान नहीं दलाल

बसपा पार्षदों ने किया विरोध माफी न मांगने पर सदन का किया बहिष्कार डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन केस की पैरवी नहीं करेंगे पर्यावरण अभियंता राजीव राठी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 10 Feb 2021 07:00 AM (IST) Updated:Wed, 10 Feb 2021 07:00 AM (IST)
भाजपा पार्षद बोले-गाजीपुर बार्डर पर बैठे लोग किसान नहीं दलाल
भाजपा पार्षद बोले-गाजीपुर बार्डर पर बैठे लोग किसान नहीं दलाल

आगरा,जागरण संवाददाता। नगर निगम के सदन में तीन नए कृषि कानून के विरोध में गाजीपुर बार्डर पर बैठे किसानों को लेकर हंगामा हुआ। भाजपा पार्षदों ने कहा कि गाजीपुर बार्डर पर धरना दे रहे लोग किसान नहीं बल्कि दलाल हैं। बसपा पार्षदों ने इसका विरोध किया। माफी मांगने पर अड़ गए और सदन का बहिष्कार किया। उधर, भाजपा पार्षद रवि माथुर ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में हुए घोटाले का मुद्दा रखा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण अभियंता राजीव राठी कोर्ट में चल रहे केस की पैरवी नहीं करेंगे। सदन में यह प्रस्ताव पास कर दिया गया। जल्द राजीव राठी को केस से हटा दिया जाएगा।

नगर निगम के सदन में शाम सात बजे केंद्रीय बजट को लेकर प्रस्ताव रखा गया। यह प्रस्ताव भाजपा पार्षद जगदीश पचौरी ने रखा। उन्होंने बजट को सराहा और कहा कि जल्द ही सदन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बधाई दी जाएगी। प्रस्ताव में किसानों और मजदूरों का ध्यान रखने की बात कही गई। भाजपा पार्षदों ने कहा कि गाजीपुर बार्डर पर किसान धरना नहीं दे रहे हैं बल्कि दलाल बैठे हुए हैं। किसानों के इस तरीके से अपमान पर बसपा पार्षद धर्मवीर सिंह ने विरोध शुरू कर दिया। बसपा पार्षद जरीना बेगम, मनोज सोनी, कविता त्रिवेदी, बंटी माहौर सहित अन्य ने नारेबाजी शुरू कर दी और सदन का बहिष्कार किया। मेयर नवीन जैन ने किसी तरीके से विवाद को शांत कराया। शास्त्रीपुरम डी ब्लाक में लगेगा वाटर एटीएम

नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने बताया कि शास्त्रीपुरम डी ब्लाक में वाटर एटीएम लगेगा। इसका रखरखाव पीरामल वाटर प्रा. लि. द्वारा किया जाएगा। तीन साल के बाद पूरा प्रोजेक्ट नगर निगम को हस्तांतरित हो जाएगा। लोगों को तीस से 50 पैसे प्रति लीटर के हिसाब से पानी मिलेगा। कार्ड भी बनाए जाएंगे। 19 नालों की तलीझाड़ हो सफाई

नगर निगम के सदन में शाम सात बजे से सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। इसमें सिर्फ भाजपा पार्षदों ने भाग लिया। पार्षद रवि माथुर ने 19 नालों की तलीझाड़ सफाई की मांग की। उन्होंने कहा कि नाले की सफाई अंतिम छोर से शुरुआत तक होनी चाहिए। बड़े नाले अच्छी तरीके से साफ होने से जलभराव की समस्या खत्म हो जाएगी। दो माह पूर्व हटाए गए ट्रैक्टर-ट्राली को फिर से लगाने की मांग की गई। इससे कूड़ा उठान में आसानी रहती है। सविता अग्रवाल, राजेश प्रजापति, राहुल चौधरी, राकेश जैन, अनुराग चतुर्वेदी, नेहा गुप्ता मौजूद रहीं। ये प्रस्ताव हुए पास

- प्रीमियम साइट रेंट आधारित विज्ञापन की उपविधि को पास किया गया है। शहर में बिना नगर निगम प्रशासन की अनुमति के कोई भी विज्ञापन नहीं लग सकेगा।

- बीस करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम का नया सदन बनेगा। इसमें 275 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। नए सदन बनाने का बसपा पार्षद दल के नेता मनोज सोनी ने विरोध किया।

- 15वें वित्त आयोग में वायु गुणवत्ता सुधार मद में मिलने वाली धनराशि को निर्माण कार्यों पर खर्च करने का प्रस्ताव पास किया गया है। यह प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।

- वार्ड 87 में जल निगम द्वारा सीवर कनेक्टिग चैंबर बनाए गए हैं। खोदाई के बाद रोड की मरम्मत नहीं की गई है। मेयर के आदेश पर जल निगम को पत्र लिखकर मरम्मत कराने के लिए कहा जाएगा।

chat bot
आपका साथी