आगरा में बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर फैलाई दहशत

लोहामंडी क्षेत्र के पुनिया पाड़ा की घटना बाइक सवारों ने रंजिश में बोला हमला। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना। इलाके में फैली दहशत। ब्‍याज को लेकर चल रहा है दोनों पक्षों में विवाद। पुलिस जुटी मामले की तहकीकात करने में।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 10:15 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 10:15 AM (IST)
आगरा में बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर फैलाई दहशत
आगरा के लोहामंडी क्षेत्र में बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी।

आगरा, जागरण संवाददाता। लोहामंडी के पुनियापाड़ा में रविवार की शाम को बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करके दहशत फैला दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले हमलावर भाग गए। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे ब्याज की रकम को लेकर हुआ विवाद बताया गया है।

घटना रविवार की शाम करीब सात बजे की है। पुनियापाड़ा निवासी पंकज यादव का दूध का काम है। वह घर के सामने बगीची में बैठे थे। इसी दौरान पांच बाइक पर सवार 10-12 युवकों ने हमला बोल दिया। पंकज यादव का आरोप है कि हमलावरों ने ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियां चलाईं। इससे बस्ती में अफरातफरी और दहशत फैल गई। हमले में उनके सिर में चोटें आई हैं। फायरिंग की सूचना पर थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे।

इंस्पेक्टर लोहामंडी सुनील कुमार ने बताया कि पंकज यादव का चिराग नाम के युवक से विवाद चल रहा है। पंकज ने पहले भी एक मुकदमा दर्ज कराया था। जिस पर पुलिस ने चिराग यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चिराग इन दिनों अर्जुन यादव नाम के युवक के गुट में है। पंकज और चिराग के बीच ब्याज कम करने को लेकर विवाद हो गया था। पंकज का आरोप है कि हमला चिराग यादव पक्ष के लोगों ने बोला है। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। पुलिस को घटनास्थल से खाली खोखे मिले हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी