अंधेरे हाईवे पर अवरोधक खोल रहे मौत की राह

-हाईवे के पुलों पर नहीं हैं रोशनी के इंतजाम -हाईवे पर खतरनाक ढंग से रख दिए गए ब्लॉक

By JagranEdited By: Publish:Sun, 16 Dec 2018 07:30 AM (IST) Updated:Sun, 16 Dec 2018 07:30 AM (IST)
अंधेरे हाईवे पर अवरोधक खोल रहे मौत की राह
अंधेरे हाईवे पर अवरोधक खोल रहे मौत की राह

आगरा, जागरण संवाददाता। ये नेशनल हाईवे-19 है। इस हाईवे पर छोटे वाहनों से लेकर बड़े ट्रक तक फर्राटा भरते हैं, लेकिन यहां संरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। रात के अंधेरे में हाईवे पर मौत की राह खुल जाती है। करोड़ों खर्च करने के बाद भी घुप्प अंधेरा और मनमाने तरीके से रखे अवरोधक हादसों को न्योता देते हैं।

शुक्रवार रात एक बजे खंदारी फ्लाईओवर पर दूर-दूर तक अंधेरा था। दोनों ओर से ट्रक फर्राटा भरते रहे। कुछ आगे बढ़े तो भगवान टॉकीज फ्लाईओवर का भी यही हाल मिला। यहां भी दोनों ओर घुप्प अंधेरा था। सड़क के किनारे दो लोग वाहन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अंधेरे में तेज रफ्तार वाहन ऐसे फर्राटा भर रहे थे कि मानो अभी उड़ा ले जाएंगे। बीस मिनट बाद एक रोडवेज बस उनके हाथ देने पर रुकी, वह भी तब जब वह आधी सड़क पर पहुंच गए।

अबूलाला की दरगाह के पास हाईवे पर पत्थर के ब्लॉक रख दिए गए हैं। रात में दूर से ये ब्लॉक दिखाई नहीं देते। ऐसे में इनसे हादसे का डर रहता है। सुल्तानगंज ओवरब्रिज उतरते ही कमलानगर के ठीक सामने दाईं ओर हाईवे पर ही बड़े-बड़े ब्लॉक रखे हैं, यहां से पुल खत्म होता है, इसलिए रोशनी का इंतजाम था, लेकिन तेज रफ्तार वाहन कभी भी इन ब्लॉक से टकरा सकते हैं।

रात दो बजे वाटर व‌र्क्स ओवरब्रिज पर भी अंधेरा था। यहां डिवाइडर के कट पर लगी लोहे की रेलिंग बाहर तक निकली है। अंधेरे में दौड़ रहे वाहन चालकों को ये रेलिंग दिखाई नहीं देती, कभी भी यहां हादसा हो जाता है।

रामबाग का राम ही मालिक

सबसे खराब स्थिति यमुना ब्रिज और रामबाग की है। ओवरब्रिज के एक ओर स्ट्रीट लाइट जलती है, लेकिन दूसरी ओर नहीं। कई स्थानों पर गढ्डे खुदे हैं। कई जगह संकेतक तो लगे हैं लेकिन रात के अंधेरे में यह दिखाई नहीं देते।

बॉक्स

अंधेरे में ले ली थी जान

शुक्रवार रात वाटर व‌र्क्स ओवरब्रिज पर खराब ट्रक में अंधेरे के कारण पीछे से बाइक सवार घुस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। खास बात ये है कि खराब वाहन सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं, लेकिन वह अंधेरे में दूसरे वाहन चालकों को दिखते नहीं।

chat bot
आपका साथी