Makar Sankranti 2021: मकर संक्रांति पर ठाकुर बांकेबिहारी ने उठाया पंचमेवा युक्त खिचड़ी का लुत्फ

मकर संक्रांति का त्‍योहार ब्रज में धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह वृंदावन में भक्‍तों ने किए ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के दर्शन। मथुरा और आगरा में यमुना में किया स्‍नान। दोपहर मेंं आगरा में यमुना आरती स्‍थल पर होगा पतंग उत्‍सव का आयोजन।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 01:17 PM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 01:17 PM (IST)
Makar Sankranti 2021: मकर संक्रांति पर ठाकुर बांकेबिहारी ने उठाया पंचमेवा युक्त खिचड़ी का लुत्फ
मकर संक्रांति पर गुरुवार सुबह बांकेबिहारी के दर्शन करते भक्‍त।

आगरा, जेएनएन। मकर संक्रांति पर ब्रज में गुरुवार भोर से ही उल्लास नजर आया। घने कोहरे के बीच यमुना स्नान को भक्तों की मौजूदगी और बांकेबिहारी के दर्शन को उमड़ी भीड़ के आगे मौसम भी नतमस्तक था। मकर संक्रांति पर ठाकुर बांकेबिहारी को भोग में पंचमेवा युक्त खिचड़ी, गजक और तिल के लड्डू परोसे गए। ठाकुरजी का भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद बांटा गया, तो मंदिर परिसर ठाकुर जी के जयकारों से गूंज उठा।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मकर संक्रांति पर भक्तों की भीड़ दर्शन को उमड़ पड़ी। भोर से ही घने कोहरे को चीरते हुए भक्तों के कदम मंदिर की ओर बढ़ते रहे। दर्शन खुलने से पहले ही हजारों की भीड़ मंदिर के बाहर एकत्र थी। सुबह जैसे ही दर्शन खुले भक्तों की भीड़ मंदिर में पहुंच गई। सेवायतों ने संक्रांति पर पंचमेवा युक्त खिचड़ी परोसी। ठाकुर बांकेबिहारी के अलावा सप्तदेवालयों व अन्य मंदिरों में भी ठाकुरजी को खिचड़ी, गजक और तिल के लड्डू परोसे। जगह जगह भंडारों में भी खिचड़ी प्रसाद भक्तों को बांटा गया। उधर, मकर संक्रांति पर यमुना में स्नान का भी विशेष महत्व है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान कर पूजन अर्चन किया। आगरा में भी लोगों ने यमुना नदी में स्‍नान किया। बल्‍केश्‍वर और हाथीघाट पर काफी संख्‍या में लोग पहुंचे। यहां जरूरतमंदों को खिचड़ी, गजक और तिल के लड्डू भी बांटे गए।

यमुना आरती स्‍थल पर पतंग उत्‍सव

मकर संक्रांति पर हाथी घाट रोड पर यमुना आरती स्‍थल पर पतंग उत्‍सव का आयोजन दोपहर दो बजे से शुरू होगा। जुगल श्रोत्रिय ने बताया कि इस अवसर पर दिल्‍ली से खास पतंगें मंगाई गई हैं। इन पर कोरोना वायरस गाइडलाइंस को पालन कराने संबंधी निर्देश छपे हैं। शहर के प्रमुख लोग इस अायोजन में शामिल होंगे।  

chat bot
आपका साथी