Akshay Tritiya 2021: अक्षय तृतीया पर चंदन लेपन कर दर्शन देंगे ठाकुरजी, जानिए क्या है महत्व

Akshay Tritiya 2021 मंदिर मठों में शुरू हुई तैयारी चंदन घिसने में जुटे सेवायत। ठा. बांकेबिहारी जी साल में एक ही दिन अक्षय तृतीया के दिन भक्तों को चरण दर्शन देते हैं। सेवायत भोग में सत्तू विशेष रूप से ठाकुरजी को अर्पित करेंगे।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 05:38 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 07:12 PM (IST)
Akshay Tritiya 2021: अक्षय तृतीया पर चंदन लेपन कर दर्शन देंगे ठाकुरजी, जानिए क्या है महत्व
ठा. बांकेबिहारी जी साल में एक ही दिन अक्षय तृतीया के दिन भक्तों को चरण दर्शन देते हैं।

आगरा, जेएनएन। गर्मी के मौसम में ठाकुरजी को शीतलता देने के लिए सेवायत कई प्रयास करते हैं। गर्मी के मौसम में फूलबंगले में ठाकुरजी को विराजित करके उन्हें शीतलता देने के प्रयास तो शुरू हो गए। लेकिन अक्षय तृतीया पर ठाकुरजी का चंदन लेपन कर सर्वांग दर्शन की तैयारियां भी ठा. बांकेबिहारी समेत सभी मंदिर और मठों में शुरू हो गई हैं। इस दिन ठा. बांकेबिहारीजी साल में एक ही बार भक्तों को चरण दर्शन देते हैं, तो उनके चरणों में चंदन का लड्डू अर्पित होता है। इसी की तैयारी में सेवायत जुटे हैं। चंदन को घिसकर लड्डू बनाने की तैयारी हो रही है। ठाकुरजी को अर्पित करने के बाद प्रसादी चंदन भक्तों में बांटा जाता है।

ठा. बांकेबिहारी जी साल में एक ही दिन अक्षय तृतीया के दिन भक्तों को चरण दर्शन देते हैं। सेवायत इस दिन ठाकुरजी के चरणों में चंदन का लड्डू अर्पित करते हैं, करीब सवा किलो के चंदन के लड्डू बनाने की तैयारियां सेवायतों के घरों में शुरू हो चुकी है। हर सेवायत एक लड्डू जरूर अर्पित करता है। इस बार अक्षय तृतीया 14 मई को है। लेकिन लाकडाउन के कारण इस बार चरण दर्शन भक्तों को संभव नहीं हो सकेंगे, ऐसी आशंका जताई जा रही है। वृंदावन के सभी मंदिरों में अक्षय तृतीया के दिन भगवान के विग्रहों को चंदन के लेप से पूरा ढंक दिया जाता है।

वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को अक्षय तृतीया पर्व मनाया जाता है। यह दिन भगवान परशुराम का जन्मदिवस भी है। मंदिरों में इस दिन ठाकुरजी का चंदन लेपन कर सर्वांग दर्शन करवाए जाते हैं। शहर के राधाबल्लभ, राधादामोदर, राधारमण, राधाश्यामसुंदर, राधागोविंद देव, गोपीनाथ, मदनमोहन, गोकुलानंद समेत सभी मंदिरों में चंदन यात्रा दर्शन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

भोग में अर्पित करेंगे सत्तू

अक्षय तृतीया के दिन ठाकुरजी का चंदन लेपन किया जाएगा। सेवायत भोग में सत्तू विशेष रूप से ठाकुरजी को अर्पित करेंगे। सत्तू का प्रसाद भी भक्तों को बांटा जाएगा। 

तृतीया 14 मई को है। ऐसे में अगर लॉक डाउन रहा तो भक्तों को दर्शन की अनुमति नही होगी। लॉक डाउन न हुआ तो कोविड 19 की गाइड लाइन का पालन करवाते हुए ही भक्तों को दर्शन की अनुमति होगी।

-उमेश सारस्वत, प्रबंधक: ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर।

chat bot
आपका साथी