UP Panchayat Chunav: सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्य और प्रधान पद के दिए जाएंगे बैलेट पेपर

पंचायत चुनाव काे 15 अप्रैल को होगा आगरा में मतदान। तीसरे पहर पांच बजे से पूर्व लाइन में लगने और मतदाता पर्ची होने पर डाल सकेंगे वोट। अफसरों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू। पहले दिन 452 कर्मचारी रहे गैर-हाजिर।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Thu, 08 Apr 2021 03:13 PM (IST) Updated:Thu, 08 Apr 2021 03:13 PM (IST)
UP Panchayat Chunav: सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्य और प्रधान पद के दिए जाएंगे बैलेट पेपर
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 15 अप्रैल को आगरा में होना है।

आगरा, जागरण संवाददाता। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगरा कालेज के विधि संकाय और क्वीन विक्टोरिया इंटर कालेज में अफसरों और कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। तीन दिवसीय ट्रेनिंग के पहले दिन बुधवार को 452 कर्मचारी गैर हाजिर रहे। मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि 15 अप्रैल की सुबह आठ से तीसरे पहर तीन बजे तक मतदान होगा। सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्य और प्रधान पद के बैलेट पेपर दिए जाएंगे। इसके बाद क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य के बैलेट पेपर मिलेंगे। तीसरे पहर पांच बजे से पूर्व अगर कोई मतदाता लाइन में लग जाता है असैा उसके पास मतदाता पर्ची है तो उसे वोट डालने का अधिकार होगा। लाइन में न लगने पर या फिर पांच बजे के बाद पहुंचने पर मतदाता को वोट देने का अधिकार नहीं मिलेगा। एडीएम सिटी डा. प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि आगरा कालेज और क्वीन विक्टोरिया इंटर कालेज में नौ अप्रैल तक कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। पहले दिन आगरा कालेज में 300 और क्वीन विक्टोरिया में 152 कर्मचारी गैर हाजिर रहे। कर्मचारियों को नौ अप्रैल की दोपहर 12 से दो बजे तक ट्रेनिंग में शामिल होने का मौका दिया गया है। गैर हाजिर रहने पर उप्र पंचायत राज अधिनियम 1947 की धारा 12-ख, भारतीय दंड संहिता 1860 के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

1050 वाहनों का होगा अधिग्रहण

चुनाव में 1050 वाहनों का अधिग्रहण होगा। 800 वाहन ट्रक, बस होंगे जबकि 250 वाहन कार सहित अन्य होंगे।

15 अप्रैल को होगा अवकाश

सीडीओ जे. रीभा ने बताया कि जिले के जिन क्षेत्रों में 15 अप्रैल को मतदान होगा, वहां अवकाश रहेगा। नगर निगम इसके दायरे में नहीं आएगा।

कोविड प्रोटोकाल का नहीं किया गया पालन

आगरा कालेज के विधि संकाय और क्वीन विक्टोरिया इंटर कालेज में कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं किया गया। बड़ी संख्या में कर्मचारी बिना मास्क के घूमते रहे। वहीं, जिस कक्ष में कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई, वहां उन्हें दो गज की दूरी पर नहीं बैठाया गया था।

ये है बैलेट पेपर मतपत्र का रंग

ग्राम पंचायत सदस्य के लिए - सफेद

ग्राम प्रधान के लिए - हरा

क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए - नीला

जिला पंचायत सदस्य के लिए - गुलाबी

ड्यूटी कटवाने के लिए रो पड़ीं महिलाएं

कलक्ट्रेट स्थित एनआइसी सभागार के बाहर चुनावी ड्यूटी कटवाने के लिए बुधवार को कर्मचारियों की भीड़ रही। दिन भर में तीन सौ कर्मचारी पहुंचे। ड्यूटी कटवाने के लिए कई महिलाएं रोने लगीं। प्रशासनिक अफसरों के सामने अपनी समस्याएं बताईं, हालांकि अफसरों ने किसी की भी ड्यूटी काटने से इन्कार कर दिया।

chat bot
आपका साथी