Saina Nehwal: साइना को भाया आगरा, तीन दिन बनाया ठिकाना, पारुपल्‍ली के साथ आज देखेंगी सीकरी

पर्यटन संस्थाओं ने हमेशा आगरा को बताया है थ्री डे डेस्टिनेशन। आगरा में चार दिन और तीन रात रुका बैडमिंटन का पावर कपल। बुधवार को फतेहपुर सीकरी देखते हुए जयपुर के लिए होंगे रवाना। पर्यटन संस्थाओं ने जताया दोनों स्टार खिलाड़ियों का आभार।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 11:01 AM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 11:37 AM (IST)
Saina Nehwal: साइना को भाया आगरा, तीन दिन बनाया ठिकाना, पारुपल्‍ली के साथ आज देखेंगी सीकरी
साइना नेहवाल और पारूपल्‍ली कश्‍यप बुधवार को फतेहपुरसीकरी देखेंगे।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी को पर्यटन संस्थाएं सदैव थ्री डे डेस्टिशन बताती रही हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार से ताजमहल, आगरा किला व फतेहपुर सीकरी के अलावा अन्य स्मारकों के प्रचार-प्रसार की मांग करती रही हैं, लेकिन सरकारों ने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया। ओलंपियन साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की ताजनगरी की यात्रा ने शहर के थ्री डे डेस्टिनेशन होने की पर्यटन संस्थाओं की बात पर मुहर लगा दी है। पर्यटन संस्थाओं ने स्टार खिलाड़ियों का कोराेना काल में ताजनगरी की विजिट करने पर आभार जताया है। उनका मानना है कि इससे दुनियाभर में शहर के सुरक्षित होने का संदेश जाएगा और पर्यटक यहां आना पसंद करेंगे।

आगरा में ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी के अलावा मुगल काल में बने कई स्मारक हैं। इनमें भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित अकबर का मकबरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, रामबाग, मरियम टाम्ब समेत अन्य कई स्मारक हैं। इसके साथ धार्मिक पर्यटन को बटेश्वर और नेचर टूरिज्म को सूर सरोवर पक्षी विहार, राष्ट्रीय चंबल सेंक्चुरी जैसे आकर्षण यहां हैं। पर्यटन संस्थाएं शहर काे सदैव थ्री डे डेस्टिनेशन बताती रही हैं। कम लोकप्रिय स्मारकों व स्थलों के प्रचार-प्रसार की मांग सरकार से करती रही हैं। इस पर न तो सरकार ने ध्यान दिया और न ही जिम्मेदार विभागों ने। इसके चलते आगरा सेम डे डेस्टिनेशन बनकर रह गया है। पर्यटक यहां सुबह आते हैं और शाम को चले जाते हैं। इससे यहां होटलों में रात्रि प्रवास भी 40 फीसद से कम रहता है।

साइना की विजिट ने दिखाया आइना

साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की आगरा विजिट ने सरकार और विभागों को आइना दिखाने का काम किया है। बैडमिंटन का पावर कपल रविवार काे आगरा आ गया था। उस दिन स्मारक बंद थे। सोमवार को उन्होंने वृंदावन के मंदिरों के दर्शन कर अकबर का मकबरा देखा। मंगलवार को ताजमहल, आगरा किला, एत्माद्दौला और मेहताब बाग देखा। बुधवार को फतेहपुर सीकरी होते हुए वो जयपुर जा रहे हैं। उनकी आगरा विजिट चार दिन की रही। इससे सरकार और जिम्मेदार विभागों को सबक लेते हुए अन्य स्मारकों व पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करने पर ध्यान देना चाहिए।

पर्यटन संस्थाओं ने जताया आभार

कोरोना काल में हुई साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की चार दिन की आगरा विजिट पर पर्यटन संस्थाओं ने उनका आभार जताया है। इंटरनेट मीडिया में पोस्ट कर उन्होंने बैडमिंटन के पावर कपल को बधाई दी है। टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा के उपाध्यक्ष राजीव सक्सेना ने कहा कि साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की विजिट के बाद दुनियाभर में आगरा के सुरक्षित होने का संदेश गया है। हमें उम्मीद है कि इससे यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। उन्होंने उन स्मारकों का भ्रमण भी किया, जहां कम पर्यटक जाते हैं। इन स्मारकों के भ्रमण की उन्होंने पोस्ट भी की हैं, जिससे प्रचार-प्रसार होगा। आगरा टूरिज्म डवलपमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने बताया कि आगरा कम से कम तीन दिन का डेस्टिनेशन है। पर्यटन संस्थाएं हमेशा सरकार से इस दिशा में काम करने की मांग करती रही हैं, लेकिन उन्हें हमेशा अनसुना किया जाता रहा। साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की विजिट के बाद सरकार को इस बात को समझना चाहिए। दोनों आगरा में चार दिन और तीन रात रुके हैं। सरकार को अन्य स्मारकों के प्रचार-प्रसार के साथ वहां तक पर्यटक पहुंच सकें, इसके लिए टैक्सी या बस सर्विस की शुरुआत प्रमुख स्मारकों से करनी चाहिए।

नितिन को किया साइना ने फालो

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ताजमहल का दीदार कराने वाले गाइड नितिन सिंह ने ही साइना और पारुपल्ली कश्यप को ताजमहल की विजिट कराई थी। सेलेब्रिटी गाइड बन चुके नितिन सिंह को साइना नेहवाल ने इंस्टाग्राम पर फालो किया है। 

chat bot
आपका साथी