आगरा में भाजपा पार्षद के कार्यालय में आग लगाने का प्रयास, जलाने के लिए डाला गया केमिकल
जगदीशपुरा के राहुल नगर के वार्ड 89 के पार्षद श्यामवीर सिंह का है कार्यालय। शटर के नीचे से कागज लगा उसमें केमिकल डालकर लगाई गई आग। इसके चलते कार्यालय में लगा एक एसी पांच कंप्यूटर 20 कुर्सी फोटो स्टेट मशीन व काउंटर आदि जलने से बच गए।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के जगदीशपुरा के राहुल नगर में गुरुवार की आधी रात को भाजपा पार्षद के कार्यालय में अराजक तत्वाें ने आग लगाने का प्रयास किया। उनके कार्यालय में शटर के नीचे से कागज लगाने के बाद उस पर केमिकल डालकर आग लगा दी। मगर, शटर के पीछे शीशा लगा होने के चलते आग अंदर तक नहीं जा सकी। शुक्रवार सुबह पार्षद के स्वजन टहलने निकले तो उन्हाेंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जगदीशपुरा के राहुल नगर निवासी श्यामवीर सिंह वार्ड 89 से भाजपा के पार्षद हैं। उन्होंने डेढ़ साल पहले घर से करीब 100 मीटर दूर अपना कार्यालय खोला था। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे पार्षद की बहन मिथलेश टहलने निकली थीं। उन्होंने कार्यालय के शटर काे जला हुआ देखा। शटर के पास में ही केमिकल की दो बोतलें पड़ी थीं। गुरुवार की आधी रात को अराजक तत्वों ने आग लगाने का प्रयास किया। जानकारी होने पर भाजपा पार्षद श्यामवीर समेत अन्य कार्यकर्ता वहां पहुंच गए।
कार्यालय का शटर खोलने पर उसके पीछे लगा शीशा आग लगाने के चलते चटका हुआ मिला। पार्षद ने बताया कि शीशा लगा होने के चलते आग अंदर तक नहीं पहुंच सकी थी। इसके चलते कार्यालय में लगा एक एसी, पांच कंप्यूटर, 20 कुर्सी, फोटो स्टेट मशीन व काउंटर आदि जलने से बच गए थे। कार्यालय के बाहर ही केमिकल की दो बोतलें प़डी हुई थीं। जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पार्षद ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। आग लगाने के पीछे किसी अराजक तत्व का हाथ है।
पार्षद के कार्यालय में आग लगाने का प्रयास करने की जानकारी होने पर भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। घटना को लेकर उनमें आक्रोश फैल गया। मनीष अग्रवाल, मनोज चौहान, हरवीर सिंह, प्रदीप कौशिक, विकास, फरीन शेख आदि ने पुलिस से साजिश का जल्दी पर्दाफाश करने की मांग की। पुलिस के अनुसार आरोपित का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।