Agra Nagar Nigam: आगरा की रघुवीरपुरम कालोनी में कदम कदम पर समस्याओं का अंबार

न सीवर न नाले साफ-सफाई न होने से नालियां रहती हैं चोक। एएसआइ संरक्षित ढाकरी का महल पार्क भी बेकदरी का शिकार। ढाकरी के महल के पास ही नगर निगम ने अस्थाई डलावघर बना दिया है जिससे कालोनी के पास कूड़े के पहाड़ बन गए हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 04:38 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 04:38 PM (IST)
Agra Nagar Nigam: आगरा की रघुवीरपुरम कालोनी में कदम कदम पर समस्याओं का अंबार
एएसआइ संरक्षित ढाकरी का महल पार्क भी बेकदरी का शिकार।

आगरा, जागरण संवाददाता। गढ़ी भदौरिया स्थित रघुवीरपुरम कालोनी में एक समस्या तलाशने जाओ, तो दर्जनभर दिखाई दे जाती है। सीवर नहीं है, इसलिए गंदे पानी की निकासी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। बारिश के मौसम में यहां जलभराव हो जाता है। दो वर्ष पहले सड़क खोदाई करने के बाद ठेकेदार ने सड़क और खड़ंजा के निर्माण में यह कहकर लीपापोती कर दी कि जितना हमने तोडा है उसी ही ठीक करने का ठेका हमारे पास है।

इतना भी होता, तो गनीमत थी। लेकिन लोगों की समस्याएं यहीं खत्म नहीं होती। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित ढाकरी के महल के रखरखाव के लिए 20 लाख रुपये आवंटित तो हो चुके हैं, लेकिन इसके सामने का पार्क विकसित नहीं हो पाया है, जिस कारण बेसहारा पशुओं का दिन-रात जमघट लगा रहता है, जिससे कभी भी अनहोनी हो सकती है। पार्क में इतनी गंदगी रहती है कि पैदल घूमना भी दूभर है। ढाकरी के महल के पास ही नगर निगम ने अस्थाई डलावघर बना दिया है, जिससे कालोनी के पास कूड़े के पहाड़ बन गए हैं, जिसके लिए आए दिन विवाद के हालात बनते हैं।

कालोनी के पार्क की सफाई कई महीनों से नहीं हुई। पाइप लाइन डालने का काम पूरा होने के बाद भी रोड ठीक से नहीं बनाई गई।

चंद्रकांत शर्मा, क्षेत्रीय निवासी।

ढाकरी के महल के सामने गंदगी और बेसहारा पशुओं का जमघट रहता है, जिससे लोगों का गुजरना व रहना मुश्किल हो गया है।

दिव्यांशु, क्षेत्रीय निवासी।

क्षेत्र में न सीवर है, न नाला। बरसातों में यहां से पैदल निकलना भी दूभर हो जाता है। गंदगी सबसे बड़ी परेशानी है।

मनीष, क्षेत्रीय निवासी।

सड़क खोदाई के बाद सही करने के नाम पर खानापूर्ति की गई। सारा मलवा पार्क में फेंक दिया। बाहर का कचरा यहां फेंकते हैं।

राकेश कौशिक, क्षेत्रीय निवासी।

न समय से सफाई होती है, न कूड़ा उठता है, जिससे बेसहारा पशु दिनभर विचरण करते हैं। लोगों की जान को जोखिम रहता है।

योगेंद्र दीक्षित, क्षेत्रीय निवासी।

क्षेत्र के विकास के लिए तमाम बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब तो हम भी थक गए हैं।

नवनीत, क्षेत्रीय निवासी।

- रघुवीरपुरम कालोनी की समस्याओं की शिकायत मिली है। जल्द टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।

नवीन जैन, मेयर 

chat bot
आपका साथी