सर्दी बढ़ते ही बढ़े मौसमी बीमारियों के मरीज

सरकारी और निजी अस्पतालों में 20 फीसद हुई मरीजों में वृद्धि 10 दिसंबर के बाद आएगी तापमान में गिरावट

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 07:50 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 07:50 PM (IST)
सर्दी बढ़ते ही बढ़े मौसमी बीमारियों के मरीज
सर्दी बढ़ते ही बढ़े मौसमी बीमारियों के मरीज

आगरा, जागरण संवाददाता ।

ठंड बढ़ते ही बीमारियों ने भी पांव पसारना शुरू कर दिया है। सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में इन दिनों सर्दी, खांसी व जुकाम के साथ चर्म रोग के मरीजों की संख्या बढ़ी है। मौसमी बीमारियों के मरीजों में 20 फीसद की वृद्धि हुई है।

सामान्य दिनों में जिला अस्पताल और एसएन मेडिकल कालेज की ओपीडी में हड्डी, टीबी व अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या ज्यादा होती थी। अब बुखार, जुकाम, खांसी के मरीज ज्यादा पहुंच रहे हैं। मौसमी बीमारियों के मरीजों में 20 फीसद की वृद्धि हुई है। निजी अस्पतालों और चिकित्सकों के पास भी बुखार, जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इस बारे में डा. सुनील बंसल का कहना है कि लोग दिन में गर्म कपड़े नहीं पहनते हैं। शाम को सर्द हवा ही बीमार करती है। इस समय लोगों को हल्के गर्म कपड़े पहनकर रखने होंगे। हृदय संबंधी रोगों के मरीज भी सुबह व शाम को ज्यादा ध्यान रखें। उन्होंने ठंड से बचाव के लिए गुनगुना पानी पीने, व्यायाम, योगा, पौष्टिक घर का भोजन करने की सलाह दी। हर दिन बदल रहा मौसम

आगरा में हर 24 घंटे में मौसम बदल रहा है। सोमवार को जहां पूरा दिन धूप नहीं निकली तो मंगलवार को सुबह से ही निकली धूप ने राहत दी। हालांकि मंगलवार को हवा में ठंडक पिछले कुछ दिनों के मुकाबले ज्यादा थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगरा के तापमान में लगातार गिरावट आएगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान कम होगा। सुबह और रात में कोहरा भी गहराएगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 10 दिसंबर के बाद से तापमान में गिरावट आएगी और कोहरा भी बढ़ेगा।

chat bot
आपका साथी