आठ लाख रुपये की चांदी हड़पने को आगरा में कारीगर ने रची लूट की साजिश

हरीपर्वत थाने में दर्ज हुआ था मुकदमा पुलिस ने कारीगर और उसका साथी किया गिरफ्तार। 8.54 किग्रा चांदी की बरामद पूछताछ में कारीगर ने कुबूली फर्जी लूट की कहानी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की तो शक हुआ। तीन साथी अभी फरार हैं।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 02 May 2021 10:10 AM (IST) Updated:Sun, 02 May 2021 10:10 AM (IST)
आठ लाख रुपये की चांदी हड़पने को आगरा में कारीगर ने रची लूट की साजिश
आगरा में कारीगरों ने ही व्‍यापारी की आठ लाख रुपये की चांदी लूट ली।

आगरा, जागरण संवाददाता। चांदी कारीगर ने आठ लाख की चांदी हड़पने के लिए लूट की साजिश रची थी। अपने साथी की मदद से चांदी लुटवा ली। इसके बाद लूट का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की तो शक हुआ। कारीगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला खुल गया। अब पुलिस ने चांदी कारीगर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लूटी गई चांदी बरामद कर ली। तीन साथी अभी फरार हैं। पीपल मंडी निवासी सुरेंद्र कुमार गुप्ता चांदी का पायल का कारोबार है। आवास विकास कालोनी के सेक्टर तीन निवासी रवि चांदी पायल कारीगर है। वह पायल बनाने को सुरेंद्र गुप्ता से चांदी मजदूरी पर लेकर जाता था। वे उसे मजदूरी देते थे।व्यापारी ने पुलिस को बताया कि 28 अप्रैल को चांदी की मांग करने पर रवि ने फोन करके बताया कि वह चांदी लेकर आ रहा था। हलवाई की बगीची स्थित एक जूता फैक्ट्री के पास एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने घेर लिया। उससे चांदी लूटकर ले गए। इस मामले में थाना हरीपर्वत में लूट का मुकदमा दर्ज कराया गया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि चांदी लूट के मामले में घटनास्थल पर जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज को चेक किया गया। इसके अलावा कारीगर रवि के बारे में पड़ताल की गई। पता चला कि उसकी छवि ठीक नहीं थी। एक वर्ष पहले ही व्यापारी से काम लेने आया था। पूर्व में भी वो चांदी के जेवरात में हेरफेर कर चुका था। उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन पुलिस के पास नहीं आया। शनिवार को रवि को सेक्टर तीन स्थित एक चाय के खोखे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। रवि का काम धंधा ठीक नहीं चल रहा है। लाकडाउन में ज्यादा दिक्कत हो गई। उसके मन में लालच आ गया। उसने अपने दोस्त अमान निवासी लोहामंडी के साथ लूट की फर्जी कहानी बनाई। इसके लिए नाई की मंडी निवासी नासिर और फैजल से बात की। प्लान के तहत नासिर और फैजल एक्टिवा से आए। दोनों रवि से चांदी लूटकर ले गए। बाद में रवि ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल करके जानकरी दी थी। अमान ने चांदी को अपनी सेक्टर तीन स्थित दुकान में छिपा दिया। पुलिस ने दबिश देकर अमान को पकड़ लिया। उसकी दुकान से 8.54 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। बाकी चांदी नासिर और फैजल के पास होने के बारे में बताया। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। 

chat bot
आपका साथी