Death by Dengue: आगरा में डेंगू से हुई एक और मासूम की मौत, 20 केस आए नए

आगरा के यमुनापार में अब तक हो चुकी हैं चार मौत। नगला बिहारी में ही दूसरी मौत डेंगू की वजह से हुई है। गुरुवार को डेंगू के 20 नए केस मिले हैं इसमें से 14 डेंगू के मरीज आगरा के हैं। वहीं दो मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 30 Sep 2021 04:51 PM (IST) Updated:Thu, 30 Sep 2021 04:51 PM (IST)
Death by Dengue: आगरा में डेंगू से हुई एक और मासूम की मौत, 20 केस आए नए
आगरा में आठ साल की मासूम ने गुरुवार को डेंगू की वजह से दम तोड़ दिया।

आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला क्षेत्र के नगला बिहारी में प्रशासन की लापरवाही के चलते एक और मासूम की डेंगू से जान चली गई। नगला बिहारी में यह दूसरी मौत है।

मूल रूप से फिरोजाबाद के नगला बरी निवासी तनु वर्मा (आठ साल) पुत्री प्रेम किशोर, नगला बिहारी निवासी अपने मामा नंदलाल पुत्र नाहर सिंह के घर पर सात साल से रह रही थी। मामा नंदलाल ने बताया कि चार दिन पहले तनु को बुखार आया था। बुखार आने पर उसे नजदीकी डॉक्टर से दवा दिलवा दी। अगले दिन बुखार उतर गया। उसके बाद फिर बुखार दोबारा आ गया और उसे उल्टी होने लगीं। तबीयत खराब होने पर नजदीकी हॉस्पिटल में चेकअप कराया तो जांच में प्लेटलेट्स गिरना कारण आया। डेंगू का इंफेक्शन अधिक था। तनु की तबीयत खराब होती गई और गुरुवार की दोपहर उसकी मृत्‍यु हो गई। डेंगू से हुई इस मौत के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। परिवार में मातम छा गया है। नगला बिहारी में यह होने वाली डेंगू से दूसरी मौत है।

नियमित रूप से नहीं हो रही सफाई 

यमुनापार में मच्छरों का प्रकोप बहुत अधिक है। डेंगू फैलने के बाद भी क्षेत्र में पर्याप्‍त सफाई नहीं की जा रही है। फागिंग ना होने से मासूमों के लिए खतरा बन गया है। यमुनापार में स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा चेकअप भी नहीं किया जा रहा है। मलिन बस्तियों में कैम्प नहीं लगाया न रहा है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी एत्मादपुर से बात करने की कोशिश की तो उन्‍होंने फोन नहीं उठाया।

आगरा के 14 मरीजों में डेंगू की पुष्टि

डेंगू के साथ मलेरिया के केस भी बढ़ने लगे हैं। गुरुवार को डेंगू के 20 नए केस मिले हैं, इसमें से 14 डेंगू के मरीज आगरा के हैं। जबकि अन्य मरीज फिरोजाबाद सहित अन्य जिलों के हैं। वहीं, दो मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि 10 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें से मेडिसिन विभाग के डेंगू वार्ड में भर्ती दो मरीज और बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में भर्ती दो मरीजों की डेंगू की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। फीरोजाबाद के तीन मरीज, हाथरस के दो, एटा के एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है। एसएन के डेंगू वार्ड में भर्ती दो मरीजों को ठीक होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में एक नया मरीज भर्ती हुआ है।

उधर, जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती 10 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस तरह आगरा के 14 मरीजों की डेंगू की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। अभी तक 184 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। डेंगू से एत्मादपुर क्षेत्र की 70 साल की एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। मलेरिया के दो नए केस मिले हैं। मलेरिया के मरीजों की संख्या 19 हो गई है। मलेरिया से कोई मौत दर्ज नहीं हुई है।

डेंगू के प्रकोप से प्लेटलेट्स की बढ़ रही मांग

सबसे ज्यादा समस्या प्लेटलेट्स (एसडीपी, जंबो पैक) में आ रही है। बी पाजिटिव, ए पाजिटिव के साथ ही निगेटिव ब्लड ग्रुप के दानदाता मिलने में समस्या आ रही है। प्लेटलेट्स दान करने के लिए प्रारंभ वेलफेयर सोसायटी, जीवनरक्षक सोसायटी के साथ ही एसएन के मेडिकल छात्र भी आगे आ रहे हैं। ब्लड बैंक पहुंचकर प्लेटलेट्स दान कर रहे हैं।

निजी लैब के चार्ज

प्लेटलेट्स काउंट -100 से 150 रुपये

सीबीसी -300 से 400 रुपये

डेंगू की जांच -800 से 2000 रुपये रैपिड किट और एलाइजा से जांच

मलेरिया -150 से 200 रुपये

प्लेटलेट्स (एसडीपी, जंबो पैक) -7500 से 8500 रुपये

chat bot
आपका साथी