आगरा में एंबुलेंस की हड़ताल खत्म, मरीज रहे परेशान, आज हो सकती है सेवा सामान्य
शासन और प्रशासन की सख्ती के बाद खत्म हुई हड़ताल। आधे से ज्यादा चालक हड़ताल के चलते लखनऊ में इसलिए नहीं चली एंबुलेंस। रविवार से एंबुलेंस सेवा हो सकती है सामान्य। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आगरा, जागरण संवाददाता। एंबुलेंस चालकों की हड़ताल शासन और प्रशासन की सख्ती के बाद शनिवार को खत्म तो हो गई, पर मरीजों को काफी परेशानी रही। एंबुलेंस के आधे से ज्यादा चालक लखनऊ में हैं, जिस वजह से एंबुलेंस चली नहीं। मरीजों को लाने के लिए उनके तीमारदारों ने निजी वाहनों, आटो व रिक्शा आदि का ही इस्तेमाल किया।
मांगों को लेकर 108,102 और एएलएस की एंबुलेंस सोमवार से हड़ताल पर थीं। बुधवार को जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद 108 की 34 एबुलेंस ने काम शुरू कर दिया, पर 102 की 44 और दो एएलएस एंबुलेंस हड़ताल पर ही रहीं। शुक्रवार को सीएमओ डा. अरूण श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि 44 में से 41 एंबुलेंस भी कार्य कर रही हैं। जीपीएस में उनका रूट दिख रहा है, हालांकि जीवनदायिनी 108 102 एएलएस एंबुलेंस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया था कि जब तक मांगे नहीं मानी जाएंगी, हड़ताल जारी रहेगी। अस्पतालों से एंबुलेंस हटाकर उनके क्षेत्रों में भेज दी गई हैं। जानकारी के मुताबिक शासन और प्रशासन की सख्ती के बाद देर रात 102 और एएलएस की हड़ताल भी वापस ले ली गई।
मरीज होते रहे परेशान
लेडी लायल अस्पताल में शनिवार को भी गर्भवती स्त्रियों और प्रसूताओं के तीमारदार परेशान रहे। अस्पताल लाने और वहां से ले जाने के लिए आटो, रिक्शा व निजी वाहनों का इस्तेमाल किया। हालांकि 108 की एंबुलेंस इमरजेंसी में मरीजों को लाने का काम कर रही हैं, पर गर्भवती स्त्रियों व प्रसूताओं के लिए 102 की सेवाएं हैं। जो शनिवार को पूरी तरह से संचालित नहीं हुईं क्योंकि आधे से ज्यादा चालक लखनऊ धरने में शामिल हो गए थे। वे रात तक लौटे नहीं थे। रविवार को दोपहर बाद स्थिति सामान्य हो सकती है। चालकों के वापस आने के बाद एंबुलेंस सेवा बहाल होने की उम्मीद की जा रही है।