Ambedkar Bridge: खतरनाक हुआ आगरा में आंबेडकर पुल, जरा संभल कर निकलना जनाब

पुल पर जगह-जगह हुए गड्ढे सेतु निर्माण निगम के अफसरों की खुली पोल। बसपा शासनकाल में वर्ष 2008 में हुआ था पुल का निर्माण। 13 साल में छह बार किया जा चुका है बंद। अब भी पुल पर दिखने लगी हैं नीचे लगीं सरिया। वाहन क्षतिग्रस्‍त होने का खतरा।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 09:44 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 09:44 AM (IST)
Ambedkar Bridge: खतरनाक हुआ आगरा में आंबेडकर पुल, जरा संभल कर निकलना जनाब
आगरा में आंबेडकर पुल पर इस तरह के गड्ढे हो गए हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। यमुनी नदी पर बना आंबेडकर पुल खतरनाक हो गया है। पुल पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। शिकायतों के बाद भी सेतु निर्माण निगम के अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पुल का निर्माण बसपा शासनकाल में वर्ष 2008 में हुआ था। पुल की बीम तक दिखने लगी हैं। शिकायतों के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। बारिश में गड्ढों में पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यमुना ब्रिज की तरफ का पहला ज्वाइंट उखड़ गया है।

13 साल में छह बार बंद हुआ पुल : आंबेडकर पुल 13 साल के भीतर छह बार बंद हुआ है। निर्माण के एक साल के बाद भी पुल में दरार आ गई थी। पुल के निर्माण में भ्रष्टाचार से इन्कार नहीं किया जा सकता है। वर्ष 2017, 2018 में भी पुल को बंद किया गया था। पुल की मरम्मत कराई गई।

हर दिन गुजरते हैं दस हजार लोग : आंबेडकर पुल से होकर हर दिन दस हजार से अधिक लोग गुजरते हैं। इसमें चार पहिया वाहन शामिल हैं जबकि दो पहिया वाहन चालकों को शामिल कर लिया जाए तो यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।

नहीं दिया जा रहा है ध्यान : बेलनगंज निवासी सूर्य कुमार ने बताया कि आंबेडकर पुल में गड्ढे होने की शिकायत सेतु निर्माण निगम के अफसरों से दो बार की जा चुकी है लेकिन अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई है।

किस हादसे का इंतजार : रामबाग निवासी जितेंद्र कुमार का कहना है कि सेतु निर्माण निगम को किस हादसे का इंतजार है। पुल पर गड्ढे हो गए हैं तो इसकी तुरंत मरम्मत होनी चाहिए।

- आंबेडकर पुल में गड्ढे होने की शिकायत मिली है। गड्ढों की मरम्मत के आदेश दिए गए हैं। इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।

योगेश पवार, प्रबंध निदेशक सेतु निर्माण निगम

chat bot
आपका साथी