अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कमला नगर थाना घेरा

पुलिस बाइक सीज होने पर भड़के कार्यकर्ता दारोगा के खिलाफ नारेबाजी मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने चालान करके बाइक को छोड़ा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 05:00 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 05:00 AM (IST)
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कमला नगर थाना घेरा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कमला नगर थाना घेरा

आगरा, जागरण संवाददाता। कमला नगर थाना पुलिस को बुधवार की रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता की बाइक सीज करना महंगा पड़ गया। इससे आक्रोशित एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर लिया। दारोगा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जिससे बैकफुट पर आई पुलिस ने चालान करके बाइक को छोड़ दिया।

कमला नगर थाने के दारोगा जितेंद्र सिंह बुधवार की रात को चेकिग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक को रोक लिया। बाइक सवार से नंबर नहीं होने और कागजातों के बारे में पूछा तो उसने नई बाइक होने के चलते नंबर न होना और कागजात न होने की बात कही। इस पर जब दारोगा ने बाइक को चेक किया तो वह कई हजार किलोमीटर चल चुकी थी। जिस पर दारोगा ने बाइक को सीज कर दिया।

बाइक एबीवीपी कार्यकर्ता की थी। बाइक सीज होने पर उसने इसकी जानकारी अपने साथियों को दे दी, जिसके बाद जानकारी होने पर एबीवीपी के दर्जनों कार्यकर्ता कमला नगर थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमककर नारेबाजी शुरू कर दी। एसपी सिटी विकास कुमार मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने दारोगा पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। करीब दो घंटे तक कार्यकर्ता थाने पर जमे रहे। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने बाइक का चालान करके उसे छोड़ दिया। मामले में पुलिस का कहना है कि बाइक किसी मोहित के नाम पर थी। नंबर नहीं लिखे होने के चलते उसे सीज कर दिया गया था। कागज दिखाने पर बाइक का चालान कर दिया गया।

chat bot
आपका साथी