Kisan Mela: आगरा के छह ब्लाकों में लगा कृषि मेला, किसानों को बताईं सरकार की ये योजनाएं
Kisan Mela तकनीक को अपनाएं फसलों को बेहतर बनाएं। छह ब्लाकों में कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का हुआ आयोजन।कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शनी बुधवार को आगरा के बिचपुरी एत्मादपुर फतेहपुर सीकरी सैंया बाह शमसाबाद में आयोजित किए गए।
आगरा, जागरण संवाददाता। किसान कल्याण मिशन के तहत छह ब्लाकों में किसानाें को फसलों को उन्नत बनाने और आय को बढ़ाने के बारे में समझाया गया। कृषि विशेषज्ञों ने उन्हें नई तकनीकों से रूबरू कराया तो जनप्रतिनिधियों ने सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टाल भी लगाए गए।
कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शनी बुधवार को बिचपुरी, एत्मादपुर, फतेहपुर सीकरी, सैंया, बाह, शमसाबाद में आयोजित किए गए। एत्मादपुर में सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि रासायन के हाे रहे प्रयोग से भूमि की क्षमता में गिरावट आ रही है। जैविक माध्यम अपनाकर किसान बेहतर उत्पादन ले सकते हैं और अपनी आय काे दोगुना कर सकते हैं। उन्होंने विभिन्न योजनाअों की जानकारी भी किसानों को दी। फतेहपुर सीकरी में राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने नए कृषि कानूनों के बारे में समझाया। उन्होंने किसानों को बताया कि कांट्रेक्ट फार्मिंग में जमीन पर मालिकाना हक किसान का ही रहेगा। विपक्ष किसानों को गुमराह कर रहा है। बाह में विधायक पक्षालिका सिंह ने किसानों को बताया कि मृदा को संतुलित उर्वरक देना चाहिए, जिससे खर्च भी घटेगा। शमसाबाद में विधायक जितेंद्र वर्मा ने किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। जिला कृषि अधिकारी डा. रामप्रवेश ने मृदा परीक्षण के फायदे, पीएम फसल बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि के बारे में बताया। उन्होंने किसानों को टपक सिंचाई तकनीक का प्रयोग कर कम पानी में बेहतर फसल उत्पादन के बारे में बताया। साथ ही कहा कि कोहरे के कारण आलू में झुलसा रोग की आशंका रहती है। किसान निरंतर खेतों पर नजर रखें। रोग के लक्षण दिखने पर फफूंदनाशक का छिड़काव करें। कार्यक्रम स्थल पर विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टाल लगाए गए।