भगवान टाकीज फ्लाईओवर के नीचे से निकला आठ टन मलबा

पार्किंग माफिया तीन जेसीबी के साथ पांच ट्रक लगाए गए दीवार को तोड़ा गया अपर नगरायुक्त ने टीम के साथ किया निरीक्षण नगरायुक्त ने की बैठक

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 09:00 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 09:00 PM (IST)
भगवान टाकीज फ्लाईओवर के नीचे से निकला आठ टन मलबा
भगवान टाकीज फ्लाईओवर के नीचे से निकला आठ टन मलबा

आगरा, जागरण संवाददाता। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को भगवान टाकीज चौराहा और फ्लाईओवर के आसपास युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया। पांच घंटे तक चले अभियान में आठ टन मलबा और कूड़ा निकला। तीन जेसीबी से पांच ट्रकों में लादकर इसे कुबेरपुर स्थित खत्ताघर भेजा गया। अपर नगरायुक्त केबी सिंह, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, अधिशासी अभियंता आरके सिंह सहित अन्य अफसरों ने फ्लाईओवर के आसपास निरीक्षण किया। नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने संबंधित अफसरों के साथ बैठक की। नगरायुक्त ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे समतलीकरण के साथ ही अच्छी तरीके से सफाई कराने के लिए कहा गया है। तय किए जा रहे हैं स्टैंड : मंगलवार को नगर निगम और पुलिस की टीम ने बस स्टैंड, आटो स्टैंड और अन्य वाहनों के लिए पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। फ्लाईओवर के नीचे और एमजी रोड पर स्टैंड चिन्हित किए गए हैं। जल्द इन्हें फाइनल किया जाएगा। भगवान टाकीज चौराहा और फ्लाईओवर की पेंटिग : भगवान टाकीज चौराहा और फ्लाईओवर की पेंटिग के लिए 35 कर्मचारी लगाए गए हैं। फ्लाईओवर की छत की पुताई के लिए दो मशीनों का भी सहारा लिया जा रहा है। लगाए गए पौधे : फ्लाईओवर के ठीक नीचे दो फव्वारा विकसित किए जा रहे हैं। फव्वारा के आसपास पौधे लगाए गए हैं। इन्हें हर दिन पानी देने के लिए दो टैंकर और चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। छह छात्रों को चेतावनी देकर छोड़ा : भगवान टाकीज से नगला बूढ़ी सर्विस रोड पर आधा दर्जन से अधिक कोचिग सेंटर हैं। मंगलवार दोपहर कोचिग की छुट्टी होने पर आधा दर्जन छात्र सर्विस रोड के किनारे पेशाब करने लगे। यह देख निगम के एक अफसर ने छात्रों को टोक दिया। 100-100 रुपये का जुर्माना लगाने की बात कही। छात्रों ने हाथ जोड़कर अपनी गलती मान ली। चेतावनी के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। दुकानदारों को नहीं होगी दिक्कत : नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने बताया कि भगवान टाकीज फ्लाईओवर के आसपास जो भी दुकानें हैं। उनके दुकानदारों को किसी तरीके की कोई दिक्कत नहीं होगी। हर दुकानदार को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखना होगा। फुटपाथ को न घेरने के लिए कहा गया है।

chat bot
आपका साथी