ईद आज, मस्जिदों और घरों में होगी नमाज
गुरुवार को दिखा ईद का चांद कोरोना से मुक्ति को होगी विशेष दुआ बाजारों में रही कम चहल-पहल जरूरी सामान ही गया खरीदा
आगरा, जागरण संवाददाता। गुरुवार को ईद का चांद दिखाई दिया। अब शुक्रवार को ईद मनाई जाएगी। इस बार ईद की नमाज के बाद मस्जिदों और घरों में कोरोना से मुक्ति के लिए विशेष दुआ की जाएगी। लोगों को महामारी से महफूज रखने और जो इसके शिकार हो गए हैं, उनके जल्द सेहतमंद होने की दुआ होगी।
कोरोना संक्रमण को लेकर सरकार ने गाइड लाइन जारी की है। इसके तहत मस्जिदों में सिर्फ पांच लोगों के ही नमाज पढ़ने की इजाजत है। शहर में ईदगाह और शाही जामा मस्जिद समेत 13 प्रमुख मस्जिदें हैं। इनमें हर साल कई सौ लोग नमाज पढ़ने आते हैं। मगर, पिछले साल की तरह इस बार भी सिर्फ पांच लोग ही नमाज पढ़ सकेंगे। मस्जिदों के इमाम व विभिन्न मुस्लिम संगठन अलविदा जुमा से पहले ही बैठक करके लोगों से ईद की नमाज घरों अदा करने की अपील कर चुके हैं। इस्लामिया लोकल कमेटी के चेयरमैन असलम कुरैशी ने बताया शुक्रवार को सभी मस्जिदों में ईद की नमाज के बाद कोरोना के खत्म होने की विशेष दुआ की जाएगी।
शाही जामा मस्जिद में बुधवार को हिलाल कमेटी की बैठक में शहर मुफ्ती मजदूल कुद्दूस खुबैब रूमी ने जुमे को ईद का एलान किया था। इसके बावजूद गुरुवार को बाजारों में कम चहल-पहल दिखाई दी। लोगों ने जरूरत का सामान ही खरीदा। इनमें टोपी, सिवईं व बच्चों के लिए चप्पलें आदि थीं। इधर, गुरुवार की शाम को चांद दिखाई देने के बाद लोगो ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
शहर की मस्जिदों में ईद की नमाज का वक्त
मस्जिद समय सुबह
ईदगाह 7:15 बजे
शाही जामा मस्जिद 7:45 बजे
अकबरी मस्जिद 8:15 बजे
मस्जिद माल का बाजार 8.45 बजे
शाही मस्जिद सावुन कटरा 8:45 बजे
मस्जिद जाल फुलट्टी बाजार 9:00 बजे
शाही मस्जिद लोहामंडी 9:15 बजे
मस्जिद सुल्तान परवेज कश्मीरी बाजार 9:15 बजे
मस्जिद नूरी दरवाजा 9:15 बजे
ऊंची मस्जिद छिली ईंट रोड 9:30 बजे
बाबरी मस्जिद यमुना पार 9:45 बजे
मस्जिद रफी उज्जमा राजामंडी 7:30 बजे
शिया मस्जिदों में नमाज का समय
मस्जिद नमाज का समय
मीर नियाज अली जामा मस्जिद चिल्लीपाड़ा शाहगंज 7:00 बजे
मजार शहीद ए सालिस 9:00 बजे
गुदड़ी मंसूर खां कोतवाली 10:00 बजे