AgracityWeatherForecast: 34 पर 41 डिग्री जैसा हाल, राहत को थोड़ा इंतजार और
agracityweatherforecast शुक्रवार सुबह से उमस कर रही बेहाल। यूवी इंडेक्स भी है उच्चतम स्तर पर। रविवार को बारिश के आसार।
आगरा, जागरण संवाददाता। मानसून के मौसम में ऐसी आग लगी है कि शुक्रवार सुबह से पसीना बंद होने का नाम नहीं ले रहा। सामान्य मानसून के पूर्वानुमानों के बीच आगरा में राहत का इंतजार लंबा होता जा रहा है। आज यह हाल है कि सुबह 10 बजे का तापमान 34 डिग्री पर है लेकिन उमस के चलते अहसास 41 डिग्री जैसा हो रहा है। कूलर और पंखे में चैन नहीं। केवल एसी ही काम आ रहे हैं। मौसम से जुड़ी वेबसाइट्स की मानें तो आगरा में पांच जुलाई से बरसात शुरू हो सकती है।
आगरा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना हैैै। यूवी इंडेक्स अत्यधिक है और आर्द्रता का स्तर 61 फीसद पर है। इसके चलते 38 डिग्री का तापमान भी 42 डिग्री जैसी गर्माहट का अहसास करा रहा है। सुबह 10 बजे खबर लिखे जाने तक तापमान 34 डिग्री पर था और दोपहर दो बजे यह 38 और शाम चार बजे 40 डिग्री पर पहुंचेगा। हां, हवा जरूर कुछ राहत प्रदान करने वाली है, जो पसीने के बीच शीतलता प्रदान कर रही है। हाल यह है कि कूलर फेल हो चुके हैं। मौसम से जुड़ी वेबसाइट एक्यूवेदर.कॉम के अनुसार आगरा में पांच जुलाई को मानसून की दस्तक होगी। वहीं स्थानीय मौसम विज्ञानियों की मानें तो शनिवार को दोपहर बाद बादल घिर सकते हैं और हल्की फुल्की बारिश हो सकती है, हालांकि इससे तापमान में ज्यादा कमी नहीं आएगी। वहीं दूसरी वेबसाइट वेदर.कॉम के मुताबिक शनिवार को शहर में कुल इलाकों में बारिश हो सकती है। बारिश होने को लेकर 40 फीसद संभावना जताई जा रही है। हालांकि बादल छाए रहने से शनिवार को कुछ राहत जरूर रह सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट रहेगी।