कबूतर के विवाद में एक और युवक की मौत, फंदे पर लटका मिला शव

सिकंदरा के गढ़ी बाईंपुर का मामला स्वजन लगा रहे हत्या का आरोप बाईंपुर के जंगल में दो दिन पहले फंदे पर लटका मिला था किशोर का शव

By JagranEdited By: Publish:Mon, 31 May 2021 05:15 AM (IST) Updated:Mon, 31 May 2021 05:15 AM (IST)
कबूतर के विवाद में एक और युवक की मौत, फंदे पर लटका मिला शव
कबूतर के विवाद में एक और युवक की मौत, फंदे पर लटका मिला शव

आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा के गढ़ी बाईंपुर में कबूतर के विवाद में एक और युवक की मौत हो गई। रविवार को सुबह घर के पास बाड़े में लगे पेड़ पर फंदे से युवक का शव लटका मिला। दो दिन पहले 16 साल के किशोर का जंगल में फंदे पर शव लटका मिला था। वह दस दिन से लापता था। स्वजन उसकी मौत का जिम्मेदार जिस युवक को ठहरा रहे थे, रविवार को उसकी भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सिकंदरा के गढ़ी बाईंपुर निवासी भरत सिंह के बेटे दुर्वेश उर्फ देवेंद्र का 28 मई की शाम को जंगल में पेड़ पर फंदे से शव लटका मिला था। उसकी उम्र 16 साल थी। वह 16 मई की शाम से लापता था। स्वजन ने उसकी रिपोर्ट दर्ज करा रखी थी। पुलिस को छानबीन करने पर पता चला कि दुर्वेश उर्फ देवेंद्र का गांव के ही रहने वाले पिलुआ उर्फ कन्हैया पुत्र पप्पू से कबूतर को लेकर विवाद हो गया था। दुर्वेश ने पिलुआ के कबूतरों को उसकी जानकारी के बिना गांव के ही इस्माइल को बेच दिया था। इसकी जानकारी होने पर पिलुआ ने अपने कबूतर इस्माइल से वापस ले लिए थे। दुर्वेश के पिता से मामले की शिकायत करने की कहा था। इसके बाद 16 मई की शाम को दुर्वेश घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। दुर्वेश के स्वजन पिलुआ को उसकी मौत का जिम्मेदार ठहरा रहे थे। हालांकि शनिवार को हुए पोस्टमार्टम के बाद दुर्वेश द्वारा खुदकुशी करने की पुष्टि हो गई।

मामले की विवेचना जारी थी। इस बीच रविवार की सुबह 22 साल के पिलुआ का उसके घर के पास एक बाड़े में पेड़ पर रस्सी से फंदे पर शव लटका मिला। जानकारी होने पर पुलिस वहां पहुंच गई। पिलुआ के स्वजन का आरोप है कि उसे साजिश के तहत मारा गया है। घर में कोई मौजूद नहीं था। पिलुआ को दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट के बाद फंदे पर लटका दिया। इंस्पेक्टर कमलेश सिंह ने बताया पिलुआ के शव के पोस्टमार्टम से उसकी मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी