Agra Weather Forecast: आगरा में सुबह बढ़ी सर्दी, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के करीब
Agra Weather आगरा में बुधवार को तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ है। इसी के चलते सुबह आठ बजे तक हल्की जैकेट की जरूरत लगने लगी। दोपहर में रहेगी अभी हाल फिलहाल धूप तेज।
आगरा, जागरण संवाददाता। सुबह के तापमान में आगरा में अब लगातार गिरावट आ रही है। बुधवार को सुबह का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया और सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। सुबह धूप में बैठना अच्छा लग रहा है, नौ बजे के बाद धूप तेज होने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी हाल फिलहाल कुछ दिन दोपहर के समय धूप तेज ही रहेगी।
आगरा में मौसम का मिजाज बदल गया है। सुबह सात बजे तक सर्द हवा चल रही है और तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सुबह का तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी, रात को मौसम बदल जाएगा और सर्दी का अहसास होगा। अधिकतम तापमान भी अब लुढ़ककर 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा दोपहर का तापमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सुबह और दोपहर के तापमान में गिरावट आएगी। दोपहर का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि सुबह का तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
दिसंबर और जनवरी में कोहरा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिसंबर के अंत और जनवरी के पहले सप्ताह में कोहरा पड़ेगा। इस बार घना कोहरा पड़ने की उम्मीद है। 10 से 15 दिन तक कोहरा रह सकता है। जनवरी के द्वितीय सप्ताह से कोहरा छट जाएगा और धूप निकलेगी।
15 नवंबर से डेंगू का प्रकोप होगा कम
तापमान कम होने पर डेंगू का संक्रमण फैलाने वाले वायरस मादा एडीज एजिप्टी का प्रकोप भी कम हो जाएगा। एसएन के बाल रोग विशेषज्ञ डा. नीरज यादव ने बताया कि 15 नवंबर के बाद डेंगू के केस में कमी आएगी। एडीज एजिप्टी मच्छर के लिए 20 से 35 डिग्री सेल्सियस का तापमान अनुकूल रहता है, तापमान में गिरावट आने के साथ मच्छरों का प्रकोप भी कम हो जाएगा और डेंगू केस में कमी आएगी।