Agra Weather Forecast: आगरा में मौसम है सुहाना, आज भी हैं बारिश के आसार

Agra Weather सितंबर के महीने में कई सालों के बाद आगरा में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। चक्रवात के असर के चलते शनिवार को लगातार तीसरे दिन बादल छाए हुए हैं और तेज ठंडी हवा चल रही है। ताजमहल घूमने आए पर्यटक सुहाने मौसम का आनंद ले रहे हैं।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 11:42 AM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 11:42 AM (IST)
Agra Weather Forecast: आगरा में मौसम है सुहाना, आज भी हैं बारिश के आसार
सुहाने मौसम के बीच ताजमहल का दीदार करने पहुंचेे पर्यटक।

आगरा, जागरण संवाददाता। कई सालों के बाद आगरा में सितंबर के महीने में मौसम इस तरह सुहाना है कि बीते तीन दिन से एयरकंडीशनर्स बंद हो गए हैं। आसपास में छाई काली घटाएं, तेज ठंडी हवाएं और रिमझिम फुहारों के बीच हर तरफ छाई हरियाली। ताजमहल घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए मौसम बहुत सुखद साबित हो रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे में 12.5 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है।

आगरा में बादल छाए हुए हैं, शनिवार सुबह से ही तेज हवा चल रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शाम तक तेज बारिश हो सकती है। हालांकि सुबह का तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। पिछले 48 घंटे से बादल छाए हुए हैं और धूप नहीं निकली है, शनिवार को भी सुबह से ही बादल छा गए हैं। बारिश का मौसम हो रहा है। 10 बजे के बाद भी धूप नहीं निकली है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 24 घंटे में 12.5 एमएम बारिश हुई है।

पांच दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी ऐसा ही मौसम रहेगा, बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर तक बारिश की संभावना व्यक्त की है, इससे तापमान में भी गिरावट आएगी।

इन बातों का रखें ख्याल

- रात को सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।

- धूप या उमस में निकलने से बचें।

- ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।

- बाजार की खाद्य सामग्री से परहेज रखें।

- घर के आसपास गंदगी और पानी जमा न होने दें।

बच्चों को सर्दी जुकाम और बुखार

मौसम बदलने से बच्चों को सर्दी जुकाम और बुखार आ रहा है। ऐसे में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका से स्वजन डरे हुए हैं। पांच दिन बाद भी सर्दी जुकाम ठीक नहीं हो रहा है। एसएन मेडिकल कालेज के बाल रोग विशेषज्ञ डा नीरज यादव ने बताया कि मौसम बदलने पर वायरल संक्रमण बढ जाते हैं। इस मौसम में बच्चों को सर्दी जुकाम और बुखार की समस्या हो रही है। बच्चों को ठंडे पेय पदार्थ न दें, तेज बुखार आने पर डाक्टर से परामर्श ले लें। सामान्य वायरल संक्रमण ठीक होने पर पांच से सात दिन लग जाते हैं। इसलिए घबराएं नहीं, डाक्टर से परामर्श लेने के बाद ही दवाएं दें।

chat bot
आपका साथी