Agra Weather Forecast: आगरा में अधिकतम तापमान में आ रही गिरावट, न्यूनतम मामूली बढ़ा
Agra Weather आगरा में मौसम का मिजाज बड़ा उलटफेर भरा है। दोपहर में धूप तेज है लेकिन अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। हालांकि सुबह के समय ठंडक महसूस हो रही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में मौसम के मिजाज में बदलाव है। अधिकतम तापमान में जहां बड़ी गिरावट आ रही है, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक है। हालांकि रात और सुबह के समय ठंडक का अहसास हो रहा है। एसी तो अब बंद हो ही गए हैं। दिन में जरूर लोग कुछ समय के लिए चला रहे हैं लेकिन रात में पंखे से ही काम चल रहा है।
अक्टूबर का आखिरी सप्ताह चल रहा है। मंगलवार को सुबह से तेज धूप निकलने से तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। यह 18.5 डिग्री सेल्सियस आंका गया है। जबकि इससे पहले तापमान 17 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पूरे दिन धूप तेज रहेगी। सुबह आठ बजे से ही धूप तेज है। 10 बजे के बाद गर्मी और बढ़ गई है। अधिकतम तापमान के 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। सोमवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस गिरकर 29.9 डिग्री सेल्सियस आंका गया था। अब इस सप्ताह के शेष दिनों में धूप अच्छी रहने के आसार हैं।
17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा पारा
अक्टूबर अंत तक ऐसा ही मौसम रहेगा, सुबह और रात के तापमान में गिरावट आएगी। इससे सुबह का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जबकि दोपहर में तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
दिसंबर और जनवरी में कोहरा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिसंबर के अंत और जनवरी के पहले सप्ताह में कोहरा पड़ेगा। इस बार घना कोहरा पड़ने की उम्मीद है। 10 से 15 दिन तक कोहरा रह सकता है। जनवरी के द्वितीय सप्ताह से कोहरा छट जाएगा और धूप निकलेगी।
15 नवंबर से डेंगू का प्रकोप होगा कम
तापमान कम होने पर डेंगू का संक्रमण फैलाने वाले वायरस मादा एडीज एजिप्टी का प्रकोप भी कम हो जाएगा। एसएन के बाल रोग विशेषज्ञ डा. नीरज यादव ने बताया कि 15 नवंबर के बाद डेंगू के केस में कमी आएगी। एडीज एजिप्टी मच्छर के लिए 20 से 35 डिग्री सेल्सियस का तापमान अनुकूल रहता है, तापमान में गिरावट आने के साथ मच्छरों का प्रकोप भी कम हो जाएगा और डेंगू केस में कमी आएगी।