Agra Weather Forecast: दीपावली का मौसम है सुहाना, आगरा में रात रहेगी ठंडी

Agra Weather दीपावली पर सुबह से है मौसम सुहाना। सुबह हल्‍की ठंड के बाद निकली धूप त्‍योहार पर गुनगुनी धूप में लोगों ने लिया चाय पीने का आनंद। शाम को रहेगी ठंड। न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से एक डिग्री अधिक लेकिन अधिकतम तापमान में है गिरावट।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 04 Nov 2021 11:39 AM (IST) Updated:Thu, 04 Nov 2021 11:39 AM (IST)
Agra Weather Forecast: दीपावली का मौसम है सुहाना, आगरा में रात रहेगी ठंडी
आगरा में दीपावली के दिन सुबह से धूप हल्‍की है।

आगरा, जागरण संवाददाता। जैसा दीपावली खुशियों का त्‍योहार है। उसका साथ देने को मौसम भी आज खुशमिजाज है। सुबह हल्‍की सर्दी के बीच जब गुनगुनी धूप निकली तो लोग चाय का आनंद धूप के बीच लेने बैठ गए। हालांकि पिछले दिनों अपेक्षा न्‍यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई है लेकिन अधिकतम तापमान में गिरावट आने से मौसम खुशनुमा है। शाम और रात ठंडी रहेगी।

दीपावली पर मौसम का मिजाज अच्‍छा है। गुरुवार सुबह सर्दी के बाद दोपहर में तेज धूप निकलने की संभावना है। इससे तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह छह से सात बजे के बीच सर्द हवा चली, नौ बजे के बाद धूप हल्‍की तेज हो गई है। न्यूनतम तापमान सामान्‍य से एक डिग्री अधिक 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी और तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा पारा

सुबह और रात में सर्द हवा चल रही है, इससे सुबह के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है, दोपहर में धूप निकलेगी, इससे अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना है।

दिसंबर और जनवरी में कोहरा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिसंबर के अंत और जनवरी के पहले सप्ताह में कोहरा पड़ेगा। इस बार घना कोहरा पड़ने की उम्मीद है। 10 से 15 दिन तक कोहरा रह सकता है। जनवरी के द्वितीय सप्ताह से कोहरा छट जाएगा और धूप निकलेगी।

15 नवंबर से डेंगू का प्रकोप होगा कम

तापमान कम होने पर डेंगू का संक्रमण फैलाने वाले वायरस मादा एडीज एजिप्टी का प्रकोप भी कम हो जाएगा। एसएन के बाल रोग विशेषज्ञ डा. नीरज यादव ने बताया कि 15 नवंबर के बाद डेंगू के केस में कमी आएगी। एडीज एजिप्टी मच्छर के लिए 20 से 35 डिग्री सेल्सियस का तापमान अनुकूल रहता है, तापमान में गिरावट आने के साथ मच्छरों का प्रकोप भी कम हो जाएगा और डेंगू केस में कमी आएगी।

वायरल संक्रमण और सर्दी जुकाम का खतरा

मौसम लगातार बदल रहा है। बदले मौसम में सर्दी जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा है। एसएन के बाल रोग विशेषज्ञ डा. नीरज यादव ने बताया कि इस समय बच्चों को ठंडे पेय पदार्थ का सेवन न कराएं। घर में सफाई हो रही है तो मास्क पहन लें और बच्चों को दूर रखें।

chat bot
आपका साथी