Agra Weather Forecast: आगरा में आसमान है साफ, शाम को बूंदाबांदी के आसार
Agra Weather आगरा में बुधवार को सुबह से आसमान साफ है। तेज ठंडी हवा के झोंके राहत प्रदान कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बुधवार शाम को बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री दर्ज किया जा चुका है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में बुधवार की सुबह साफ आसमान के साथ हुई है। सुबह से ही तेज धूप निकली है और तेज ठंडी हवा चल रही है। मंगलवार शाम एक झटके में झमाझम हुई बरसात के चलते हवा में धूल कण फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो आज शाम को भी बूंदाबांदी होने की संभावना है। इधर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा चुका है।
आगरा में बुधवार सुबह सात बजे से ही धूप निकल आई है और हल्की गर्मी और उमस बढ गई है। सुबह का तापमान सामान्य 23 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार शाम को हुई झमाझम बरसात ने दिन भर की उमस धो दी थी। मौसम को खुशनुमा कर दिया था। पूरा दिन उमस झेल रहे लोगों को इससे काफी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में बरसात होगी और तापमान में भी गिरावट आएगी। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया था और अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।
समोसे खरीदने निकले लोग
बरसात के बाद खुशनुमा हुए मौसम में हलवाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लग गई। हालांकि शाम के छह बजे समोसे बनने बंद हो जाते हैं, लेकिन हलवाइयों ने दोबारा कढ़ाई चढ़ाकर समोसे तले। घरों में पकौड़े बनाए गए। रात के खाने का मैन्यू भी बदल गया।
17 सितंबर तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को भी बारिश की संभावना है, इस तरह 17 सितंबर तक बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। 17 सितंबर से मौसम का मिजाज फिर बदलेगा।
पानी का सेवन अधिक करें, पेट हो रहा खराब
गर्मी और उमस से पसीना अधिक निकल रहा है। इससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो रही है। इलेक्ट्रोलाइट की कमी होने से पेट दर्द, डायरिया और पेट संबंधी समस्या बढ गई हैं। एसएन मेडिकल कालेज के डा प्रभात अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में पानी का सेवन अधिक करें, नीबू शिकंजी ले सकते हैं। बाजार के खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें।