Agra Weather Forecast: आगरा में 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा पारा
Agra Weather आगरा में रविवार सुबह अपेक्षाकृत सर्दी कुछ ज्यादा रही। सुबह अच्छी ओस और धुंध भी छाई रही। सुबह नौ बजे के बाद निकली धूप। धूप में तेजी होने से लोग ले रहे धूप का आनंद। दिसंबर की शुरुआत के साथ घना हो सकता है कोहरा।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में सुबह की सर्दी बढ़ रही है, सुबह के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को सुबह का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी।
सुबह सर्द हवा चलने से सर्दी बढ़ गई, सुबह सुबह टहलने गए लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे हैं। सात बजे के बाद धूप निकलने से मौसम अच्छा हो गया। नौ बजे के बाद धूप और तेज हो गई। सुबह का तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दिनों न्यूनतम तापमान बढ़कर 14 और 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। सोमवार सुबह लोग अलाव के सहारे बैठे नजर आए। दोपहिया वाहन चालकों को दस्ताने निकालने पड़े।
एक दिसंबर से बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि एक दिसंबर से सर्दी और बढ़ जाएगी। सुबह कोहरा छाएगा और तापमान में गिरावट आएगी, सुबह का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।