Agra Weather Forecast: ताजनगरी का हाल ऐसा, एसी के सामने से हटो तो पसीना
Agra Weather रविवार को रहेंंगे धूप के तेवर तीखे। अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास बरकरार।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में सितंबर के महीने में हाल ऐसा है कि एसी के सामने से हटो तो पसीना है। ऐसा हाल अमूमन जून के महीने में होता है। तापमान में परिवर्तन के कोई संकेत नहीं हैं। अधिकतम 37 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। उमस का स्तर भी बढ़कर 69 फीसद पर पहुंच गया है। उमस और गर्मी को देखते हुए बारिश होनी तो चाहिए लेकिन स्थानीय स्तर पर कम दबाव का क्षेत्र नहीं बन पा रहा।
आगरावासियों को इस बार पूरा सितंबर पसीना बहाते हुए और बेचैनी भरा ही गुजारना पड़ रहा है। रविवार सुबह से ही धूप तेज है। उमस पसीने छुड़ा रही है। गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। शनिवार को भी तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 22 सितंबर को बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। तेज धूप निकलने से दोपहर में गर्मी और उमस बढ गई। शाम को भी गर्मी से राहत नहीं मिली थी। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 37.7 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 26.8 डिग्री रहा था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को तेज धूप निकलेगी, जो दिनभर परेशान करेगी। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रहेगा। सोमवार को भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलेगी। 22 सितंबर को बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है।