Agra Weather Forecast: आगरा में हाल बेहाल, उमस ने छुड़ाए पसीने, पारा 42 के करीब
Agra Weather आगरा में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान में वृद्धि। बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। अधिकतम तापमान रहेगा 42 डिग्री सेल्सियस के करीब। सुबह से ही निकली है तेज धूप। उमस बढ़ने से पसीना बहाकर लोग बेहाल।
आगरा, जागरण संवाददाता। गर्मी से लोग बेहाल हैं, बुधवार सुबह से ही तेज धूप के साथ गर्म हवा चल रही है। इससे सुबह का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी, इससे तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
सुबह सात बजे से ही धूप तेज हो गई है और गर्म हवा भी चलने लगी। सुबह 10 बजे के बाद तेज धूप से लोगों का हाल बेहाल है। गर्मी में पसीना टपक रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य 28 डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आज पारा 42 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को तेज धूप निकलेगी, साथ ही लू चलेगी। इससे तापमान में लगातार बढोत्तरी होगी। 27 जून तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
सिर में दर्द और शरीर में कमजोरी
तेज धूप में बाहर निकलने से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो रही है। एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के डा प्रभात अग्रवाल ने बताया कि गर्मी में शरीर से पसीना अधिक निकलता है, इससे शरीर में पानी के साथ इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो जाती है। इससे शरीर में कमजोरी और सिर दर्द होने लगता है। इससे बचने के लिए नीबू पानी पीएं, ओआरएस घोल ले सकते हैं।
पानी की न होने दें कमी
एसएन मेडिकल कालेज के बाल रोग विशेषज्ञ डा नीरज यादव ने बताया कि तेज धूप के साथ की गर्म हवा चल रही है। घर से बाहर निकलने पर बच्चों में पानी की कमी के साथ इलेक्ट्रोलायट का असंतुलन हो सकता है। इससे पेट संबंधी समस्याएं बढ सकती हैं। बच्चों को साफ अधिक से अधिक पानी पिलाएं, घर पर बने हुए पेय पदार्थ का ही सेवन कराएं।