Agra Weather Forecast: आगरा में सामान्य से एक डिग्री कम न्यूनतम तापमान
Agra Weather आगरा में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान पहुंचेगा 41 डिग्री सेल्सियस के करीब। 11 बजे के बाद धूप हो गई तेज। दो दिन बाद फिर बूंदाबांदी के आसार।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह भी न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 23.9 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं सुबह 11 बजे के बाद धूप तेज हो गई। इससे चुभन सी महसूस होने लगी है। आज अधिकतम तापमान के 41 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दो दिन बाद फिर बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई है।
आगरा में शुक्रवार को सिकंदरा, कमला नगर, दयालबाग, भगवान टाकीज, आवास विकास, ट्रांस यमुना कालोनी सहित कई क्षेत्रों में 30 मिनट से एक घंटे के लिए तेज बारिश हुई थी। पिछले 24 घंटे में 2.3 एमएम बारिश रिकार्ड की गई थी। इसका असर शनिवार को भी रहा। सुबह तापमान सामान्य से कम रहा। हालांकि दोपहर में उमस जैसे हालात हो गए हैं।
10 मई को बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि नौ मई तक तेज धूप निकलेगी। इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ जाएगा। 10 मई को मौसम बदल जाएगा, बादल छाने के साथ बारिश होगी। 11 और 12 मई को धूल भरी आंधी चलने के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम में हो रहा बदलाव
मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। अधिकतम और तापमान में उतार चढाव के चलते अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखे। गर्मी में अत्यधिक ठंडा पानी न पीएं। एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के डा मनीष बंसल ने बताया कि इस मौसम में सर्दी जुकाम और बुखार की समस्या ज्यादा हो रही है। इसलिए गर्मी में ज्यादा ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करने से बचें।