Agra Weather Forecast: सामान्‍य से पांच डिग्री अधिक तापमान, आगरा में परेशान करने लगी गर्मी

Agra Weather आगरा में मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप परेशान कर रही है। न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 26.7 डिग्री दर्ज किया गया है। आज अधिकतम तापमान भी बढ़कर 38 डिग्री तक पहुंच सकता है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 05 Oct 2021 11:25 AM (IST) Updated:Tue, 05 Oct 2021 11:25 AM (IST)
Agra Weather Forecast: सामान्‍य से पांच डिग्री अधिक तापमान, आगरा में परेशान करने लगी गर्मी
आगरा में धूप से परेशान होकर छाता लेकर जातीं युवतियां।

आगरा, जागरण संवाददाता। बारिश बंद होने के बाद मौसम अब तेजी से गर्म हो रहा है। मंगलवार को आगरा में न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी हाल फिलहाल ऐसा ही मौसम रहेगा। दिन में धूप तेज रहेगी। अक्‍टूबर के आखिरी सप्‍ताह से तापमान में गिरावट आना शुरू होगी और रातें ठंडी होंगी।

आगरा में अब गर्मी लगातार बढ़ रही है, सुबह आठ बजे के बाद धूप तेज होने से गर्मी के साथ उमस भी बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह सामान्य 21 डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात अपेक्षाकृत ठंडी होगी लेकिन उमस परेशान कर सकती है। 11 अक्‍टूबर तक तापमान में वृद्धि दर्ज होगी।

पानी का सेवन अधिक करें, पेट हो रहा खराब

गर्मी और उमस से पसीना अधिक निकल रहा है। इससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो रही है। इलेक्ट्रोलाइट की कमी होने से पेट दर्द, डायरिया और पेट संबंधी समस्या बढ गई हैं। एसएन मेडिकल कालेज के डा प्रभात अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में पानी का सेवन अधिक करें, नीबू शिकंजी ले सकते हैं। बाजार के खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें।

मरीजों की बढ़ी संख्या

मौसम में हो रहा परिवर्तन लोगों को बीमार कर रहा है। ओपीडी और इमरजेंसी में ब्लड प्रैशर और वायरल के मरीजों की संख्या में 30 फीसद तक इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज बुखार, पेट दर्द, डायरिया और ब्लड प्रेशर से संबंधित पहुंच रहे हैं। यही हाल एसएन मेडिकल कालेज की ओपीडी का भी है।

मच्‍छरजनित बीमारियां होने लगीं

आगरा में मौसम लगातार बदल रहा है। इस बदलते मौसम में ब्लड प्रेशर के मरीजों को परेशानी हो रही है। यही नहीं, इस समय मच्छरजनित बीमारियां भी फैल रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढेगा, धूप निकलेगी। इससे उमस बढ़ेगी। मौसम में हो रहा परिवर्तन सेहत को बीमार करने लगा है। ओपीडी और इमरजेंसी में एक जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अगस्त के तीन सप्‍ताह लगभग सूखे ही बीत गए। उसके बाद बारिश शुरू हुई। सितंबर के महीने में यहां ठीक ठाक बरसात हुई है। इसके बाद मच्‍छरों का प्रकोप बढ़ गया है। साथ ही बीच-बीच में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम का यह बिगड़ा मिजाज सेहत के लिए काफी नुकसानदेह साबित हो रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज बुखार, पेट दर्द, डायरिया और ब्लड प्रेशर से संबंधित पहुंच रहे हैं। यही स्थिति एसएन मेडिकल कालेज की ओपीडी का भी है। अगस्त और सितंबर में सबसे ज्यादा मच्छरजनित बीमारियों और बुखार का खतरा रहता है।

chat bot
आपका साथी