Agra Weather Forecast: आगरा में तापमान में गिरावट, सुबह रहा हल्का कोहरा
Agra Weather आगरा में मंगलवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला है। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा लेकिन तीन दिन के बाद बादल छंटने से धूप अच्छी निकली है। लोग धूप में बैठने का आनंद ले रहे हैं। साथ ही गर्म कपड़ों को भी धूप लगाई जा रही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। तीन दिन से आगरा के आसमान पर डेरा जमाए बैठे बादल, मंगलवार सुबह छंट गए हैं। हालांकि न्यूनतम तापमान बीते दिनों के मुकाबले आज गिरा है लेकिन अच्छी धूप निकलने से राहत महसूस हो रही है। लोग धूप का आनंद ले रहे हैं। साथ ही कपड़ों को भी धूप लगाई जा रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान में भी वृद्धि होने के आसार हैं। अब हाल फिलहाल कोहरा छाया रहेगा।
आगरा में मौसम लगातार बदल रहा है, मंगलवार सुबह कोहरा अपेक्षाकृृत ज्यादा रहा। साथ ही ओस भी भरपूर गिरी। सुबह न्यूनतम तापमान में भी गिरावट रही, एक सोमवार के मुकाबले करीब दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। हालांकि अब भी ये सामान्य आठ डिग्री के मुकाबले करीब चार डिग्री अधिक रहकर 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। तापमान में गिरावट के चलते ही सुबह ज्यादा सर्दी महसूस हो रही हुई। लेकिन सुबह नौ बजे के बाद धूप भी अच्छी निकल आई। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा था।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार सुबह कोहरा छाएगा और दोपहर में धूप निकलेगी। 10 दिसंबर तक ऐसा ही मौसम रहेगा। संभवत: ये चक्रवाती तूफान जवाद के असर के चलते है। 11 दिसंबर से मौसम बदल जाएगा, बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है।