Agra Weather Forecast: आगरा में सावन के दूसरे सोमवार पर सुबह से बूंदाबांदी, मौसम है सुहाना
Agra Weather आगरा में सोमवार सुबह से छाए हैं बादल और चल रही हल्की बूंदाबांदी। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज। मौसम विभाग ने पांच अगस्त तक जताई है शहर पर मानसून के मेहरबान रहने की संभावना। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि।
आगरा, जागरण संवाददाता। सावन के दूसरे सोमवार पर आगरा में सुबह से ही बूंदाबांदी हो रही है। इससे मौसम खुशनुमा हो गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रात तक तेज बारिश हो सकती है। वहीं, सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
सावन के दूसरे सोमवार पर सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, धूप नहीं निकली है। मगर, सुबह सात बजे तक उमस और गर्मी रही, बूंदाबांदी तेज होने के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। हवा चलने से गर्मी से राहत मिली है और मौसम खुशनुमा हो गया है। 11 बजे तक भी धूप नहीं निकली हैं। वहीं, बीते 24 घंटे में चार एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य 25 डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पांच अगस्त तक तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी बारिश होगी, बुधवार को भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पांच अगस्त तक तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। मगर, तापमान में गिरावट नहीं आएगी। अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
रविवार को निकली धूप, तापमान में हुई वृद्धि
मौसम लगातार रूप बदल रहा है। रविवार को पूरा दिन धूप निकली। लोगों ने अपने घरों के कपड़े, कालीन आदि चीजों को धूप में रखा। धूप निकलने से उमस भी बढ़ी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को बरसात होनी थी, लेकिन नहीं हुई। धूप निकलने से तापमान में वृद्धि हुई और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। पिछले 24 घंटे में केवल 0.6 एमएम बरसात दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी ऐसा ही मौसम रहेगा।