Agra Weather Forecast: आगरा में बना कम दबाव का क्षेत्र, आज भी बारिश के आसार
Agra Weather आगरा में रविवार सुबह से है आसमान साफ। दोपहर में धूप निकलने के बाद शाम को बारिश का अनुमान। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज। मौसम विभाग ने चार अगस्त तक जताई है शहर पर मानसून के मेहरबान रहने की संभावना।
आगरा, जागरण संवाददाता। निर्धारित समय से कुछ देरी से आगरा पहुंची मानसून एक्सप्रेस, लगातार राहत के बादल अपने साथ ला रही है। शनिवार को दिनभर सूखा निकला तो रात में झड़ी लगी। करीब आधा घंटे की बरसात ने रात के अलावा रविवार की सुबह भी ठंडी बना दी। रविवार को सुबह से आसमान साफ है और हल्की धूप है लेकिन मौसम विभाग की मानें तो आज भी बारिश की झड़ी लगेगी। दोपहर बाद अच्छी बरसात होने के आसार हैं।
रविवार को सुबह न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस आंका गया है। अधिकतम तापमान के 32 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि आगरा में रविवार और सोमवार को अच्छी बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान अभी 32 और 33 डिग्री के आसपास ही रहेगा। इधर शुक्रवार को ही आगरा में 76.3 एमएम बरसात दर्ज की गई थी। पिछले साल भी अगस्त माह में दो दिन में ही 150 एमएम बरसात दर्ज की गई थी। अगर इस साल जुलाई के अंतिम तीन दिनों की बात करें तो अब तक लगभग 150 एमएस से ज्यादा बरसात रिकार्ड की जा चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोम और कम हवा के दबाव के कारण, अगले दो दिन और बरसात होने की संभावना है।
लगातार हो रही बरसात से तापमान में भी गिरावट आई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 25.7 और अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अधिकतम में और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के अनुसार चार अगस्त तक बरसात होगी। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अच्छी बरसात गेंहू की फसल के लिए लाभदायक हो सकती है।
चार अगस्त तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार शाम तक बारिश हो सकती है, सोमवार को भी बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने चार अगस्त तक बारिश की संभावना व्यक्त की है। विशेष तौर पर रविवार और सोमवार को अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।