Agra Weather Forecast: आगरा में मेघ जमकर मेहरबान, 76 एमएम से ज्यादा बरसात
Agra Weather आगरा में शनिवार सुबह छाए रहे घने बादल। दोपहर में धूप निकलने के बाद शाम को बारिश का अनुमान। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज। मौसम विभाग ने दो अगस्त तक जताई है शहर पर मानसून के मेहरबान रहने की संभावना।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी पर मेघ जमकर मेहरबान हैं। शुक्रवार को ही 76 एमएम से अधिक बरसात हुई है। इसके चलते शनिवार की सुबह भी सुहानी रही। बादल छाए रहे और पेड़ों की पत्तियों पर बारिश की बूंदें ठहरी हुई थीं। हालांकि सुबह नौ बजे के बाद धूप निकली है और बादल भी बीच बीच में छा रहे हैं। आज सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य दर्ज हुआ है। मौसम विभाग ने दोपहर बाद फिर बारिश की संभावना जताई है।
शुक्रवार दोपहर शुरू हुई बरसात ने आगरा को भिगा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आगरा में 76.3 एमएम बरसात दर्ज की गई। पिछले साल भी अगस्त माह में दो दिन में ही 150 एमएम बरसात दर्ज की गई थी। अगर इस साल जुलाई के अंतिम तीन दिनों की बात करें तो अब तक लगभग 150 एमएस बरसात रिकार्ड की जा चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोम और कम हवा के दबाव के कारण, अगले दो दिन और बरसात होने की संभावना है।
लगातार हो रही बरसात से तापमान में भी गिरावट आई है। शनिवार सुबह हालांकि धूप निकल आई पर मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार न्यूनतम तापमान 25.7 और अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अधिकतम में जहां तीन डिग्री की गिरावट आई है, वहीं न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।मौसम विभाग के अनुसार तीन अगस्त तक बरसात होगी। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अच्छी बरसात गेंहू की फसल के लिए लाभदायक हो सकती है।
तीन अगस्त तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार शाम तक बारिश हो सकती है, रविवार को भी बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने तीन अगस्त तक बारिश की संभावना व्यक्त की है। विशेष तौर पर 31 जुलाई को अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।