Agra Weather Forecast: आगरा में बना हुआ है कम दबाव का क्षेत्र, आज भी बारिश के आसार
Agra Weather आगरा में शुक्रवार सुबह छाए रहे घने बादल। दोपहर में धूप निकलने के बाद शाम को बारिश का अनुमान। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज। मौसम विभाग ने दो अगस्त तक जताई है शहर पर मानसून के मेहरबान रहने की संभावना।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी के ऊपर कम दबाव का बना हुआ है। इसके चलते अभी दो-तीन और बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार सुबह घने बादल छाए रहे, हालांकि 10 बजे के करीब हल्की धूप निकल आई है। मौसम विभाग का कहना है कि शाम तक आगरा में फिर बारिश हो सकती है। बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान, दोनों ही कम हैं। एसी बंद होने से बिजली बिल में कमी आने पर भी लोगों ने राहत महसूस की है।
आगरा में मंगलवार से शुरू हुआ बारिश का क्रम गुरुवार तक जारी रहा। शुक्रवार सुबह भी मौसम सुहाना रहा। बादल छाए रहे और हवा ठंडी चलती रही। सुबह लोगों ने खुली हवा में बैठकर चाय की चुस्कियां लीं। आइएमडी का कहना है कि दोपहर में फिर बारिश होगी, साथ ही इसके तेज होने का भी अनुमान है। इधर आज सुबह न्यूनतम तापमान 26.1 दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान आज 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 31 डिग्री के करीब आ गया था।
दो अगस्त तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार शाम तक बारिश हो सकती है, शुक्रवार को भी बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने दो अगस्त तक बारिश की संभावना व्यक्त की है। विशेष तौर पर 31 जुलाई तक अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।
दो दिन में रिकार्ड की गई 32.2 एमएम बरसात
ताजनगरी में मंगलवार और बुधवार को दो दिनों में 32.2 एमएम बरसात रिकार्ड की गई है। अगले चार दिन तक मौसम विभाग ने तेज बरसात का अलर्ट भी घोषित किया है।
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 8:30 से बुधवार सुबह 8:30 बजे तक 32.2 एमएम बरसात रिकार्ड की। यह 24 घंटे में रिकार्ड बरसात है। बरसात के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि दिन भर उमस रही। मौसम विभाग ने शुक्रवार से सोमवार तक बरसात होने की संभावना व्यक्त की है। तीन अगस्त तक न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
बरसात में बढ़े बुखार और खांसी के मरीज
मौसम में आए परिवर्तन से खांसी, बुखार और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। गुरुवार को एसएन मेडिकल कालेज की ओपीडी में इन बीमारियों के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। जिला अस्पताल में भी मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या ओपीडी में आम दिनों के मुकाबले ज्यादा रही।