Agra Weather Forecast: आगरा में लगी सावन के महीने में बारिश की झड़ी, मौसम हुआ सुहाना
Agra Weather आगरा में बुधवार सुबह से लगातार हो रही है बारिश। कभी हल्की और कभी तेज। शहर के अधिकांश इलाकों में हुआ जलभराव। मंगलवार को दिनभर बारिश के बाद लगातार दूसरे दिन ताजनगरी तर-बतर। लोग उठा रहे हैं मौसम का लुत्फ।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में लोगों को बुधवार सुबह से फिल्म का वो गाना याद आ रहा है, लगी आज सावन फिर वो झड़ी है...। सावन का महीना शुरू होने के साथ ही मंगलवार से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी जारी है। बुधवार सुबह सात बजे से शुरू हुई 11 बजे तक जारी है, कभी हल्की तो कभी तेज। मकानों के अंदर घर कर चुकी गर्मी भाग निकली है। मौसम सुहाना है और पंखा ही अब ठंडी हवा दे रहा है। घरों में मौसम को देखते हुए चाय और पकौड़ों का नाश्ता चल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और ताजनगरी को भिगोते रहेंगे।
आगरा में मंगलवार से शुरू हुआ बारिश का क्रम बुधवार को भी जारी है। देर रात फुहारें पड़ती रहीं तो बुधवार सुबह से ही बारिश की अच्छी झड़ी लगी है। इससे मंगलवार को 24 घंटे की अवधि में 10.3 एमएम बरसात दर्ज की गई थी। बुधवार को ये आंकड़ा बढ़ेगा। आज सुबह न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है, जो लगभग सामान्य ही है। वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट है, यह गिरकर 32 डिग्री के आसपास रहेगा।
31 जुलाई तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार शाम तक बारिश हो सकती है, गुरुवार को भी बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 31 जुलाई तक बारिश की संभावना व्यक्त की है। विशेष तौर पर 31 जुलाई को अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।